सालों बाद टीवी से दूरी पर बोले ऋत्विक धनजानी, 'दिल छूने वाली कहानियों का कर रहा हूं इंतजार'

सालों बाद टीवी से दूरी पर बोले ऋत्विक धनजानी, 'दिल छूने वाली कहानियों का कर रहा हूं इंतजार'

मुंबई, 13 मई (आईएएनएस)। टीवी एक्टर और होस्ट ऋत्विक धनजानी ने 'पवित्र रिश्ता' शो से घर-घर में पहचान बनाई। लेकिन वह लंबे समय से सीरियल्स से दूर रहे। हालांकि वह वेब सीरीज और रियलिटी शोज पर लगातार सक्रिय रहे, लेकिन फैंस उन्हें किसी बड़े टीवी शोज में देखने का इंतजार कर रहे हैं। आईएएनएस संग बातचीत में ऋत्विक ने बताया है कि आखिर वह टीवी की दुनिया से दूरी बनाकर क्यों चल रहे हैं और किस तरह की कहानियां उन्हें वापस छोटे पर्दे पर ला सकती हैं।

आईएएनएस से बात करते हुए ऋत्विक धनजानी ने कहा, ''मुझे आज भी शूटिंग सेट की बहुत याद आती है। फिक्शन शोज में काम करने का अनुभव बेहद खास होता है। मैं सेट पर बिताए पलों को काफी मिस करता हूं, वहां कलाकार अपने किरदार के साथ जीते हैं और रोज नई भावनाओं को महसूस करते हैं। पिछले कुछ सालों में मुझे जो टीवी कहानियां ऑफर हुईं, उनमें मुझे वह बात नजर नहीं आई, जो सीधे दिल को छू सके। एक कलाकार को कोई भी कहानी सिर्फ काम के लिए नहीं करनी चाहिए, बल्कि उस किरदार और कहानी से भावनात्मक जुड़ाव महसूस होना चाहिए।''

उन्होंने आगे कहा, ''मैं अब खुद को एक ही तरह की छवि में कैद नहीं रखना चाहता। पिछले कुछ सालों में मैंने जानबूझकर अलग-अलग प्लेटफॉर्म और नए एक्सपेरिमेंट की ओर कदम बढ़ाया है। मैं वेब सीरीज और डिजिटल प्रोजेक्ट्स इसलिए कर रहा हूं ताकि लोग मुझे नए अंदाज में देख सकें। 'कार्टेल' और 'हाफ लव हाफ अरेंज्ड' जैसे प्रोजेक्ट्स मैंने खुद को बदलने और नई कहानियों को समझने के लिए किए। कलाकार को समय के साथ खुद को चुनौती देते रहना चाहिए।''

ऋत्विक धनजानी ने कहा, ''करियर में बदलाव और नई पहचान बनाना आसान नहीं होता। इसमें समय लगता है और धैर्य रखना पड़ता है। मैं किसी चीज को जबरदस्ती हासिल करने में विश्वास नहीं रखता। हर चीज अपने सही समय पर होती है और जब सही मौका आएगा, तब वह अपने आप सामने आ जाएगा। मैं जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेना चाहता, बल्कि ऐसा काम करना चाहता हूं, जो लंबे समय तक लोगों के दिलों में बना रहे।''

--आईएएनएस

पीके/एएस