मुंबई, 18 मई (आईएएनएस)। अभिनेत्री रुबीना दिलैक कई मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखती नजर आती हैं। नीतू कपूर की फिल्मों में वापसी की तारीफ करते हुए उन्होंने कहा कि वह एक महिला, मां और कामकाजी व्यक्ति के रूप में नीतू कपूर की इस यात्रा से खुद को गहराई से जोड़ पाती हैं।
रुबीना ने आईएएनएस से खास बातचीत में नीतू कपूर की हिम्मत और साहस की सराहना की। उन्होंने बताया, “मैं नीतू कपूर से पूरी तरह से खुद को जोड़ पाती हूं। बेशक, वह सुंदरता और ताकत की मिसाल हैं और हमने सालों से यह देखा है।”
नीतू कपूर ने पति ऋषि कपूर के निधन के बाद दशकों बाद फिल्म इंडस्ट्री में वापसी की है। रुबीना ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि महिलाओं को ठीक इसी तरह आगे आना चाहिए। उन्होंने कहा, “महिलाओं को बिल्कुल इसी तरह आगे आना चाहिए, एक मिसाल कायम करनी चाहिए और उन दूसरी महिलाओं के लिए रास्ता बनाना चाहिए जिन्हें अभी भी इस बात का भरोसा नहीं है कि मां बनने के बाद या जीवन में आए बदलाव के बाद उन्हें काम पर वापस लौटना चाहिए या नहीं।”
रुबीना ने नीतू कपूर की उस बात का भी जिक्र किया जिसमें नीतू ने कहा था कि उनकी वापसी सिर्फ काम के लिए नहीं बल्कि यह देखने के लिए भी थी कि इतने सालों बाद भी कैमरे के सामने आत्मविश्वास और हिम्मत बाकी है या नहीं। रुबीना इसे बेहद प्रेरणादायक मानती हैं।
रुबीना ने अपने पति अभिनव शुक्ला की भी तारीफ की। उन्होंने बताया कि अभिनव घर पर रहकर बच्चों की देखभाल कर रहे हैं ताकि वह अपने सपनों को पूरा कर सकें। रुबीना ने कहा, “एक पुरुष के लिए अपने ईगो को किनारे रखकर यह कहना कि ‘मैं घर पर रहूंगा, तुम जाओ और अपने सपनों को पूरा करो’ इसके लिए बहुत हिम्मत चाहिए। अभिनव जानते हैं कि मैं अपने काम से कितना प्यार करती हूं।”
उन्होंने आगे कहा कि वे समाज की पुरानी सोच और रूढ़ियों को तोड़ रहे हैं। हम अपनी बेटियों को अलग मूल्य-प्रणाली देना चाहते हैं। जब लोग कहते हैं कि मर्द को इस तरह पेश आना चाहिए या औरत को इस तरह काम करना चाहिए तो हम कहते हैं- अब बहुत हो गया। हम उन बंदिशों को हटा पा रहे हैं।”
रुबीना ने जोर देकर कहा कि एक-दूसरे का साथ निभाना आसान नहीं है लेकिन कोशिश छोड़ नहीं देनी चाहिए। यही असली मर्द की पहचान है। रुबीना जल्द ही स्टंट बेस्ड रियलिटी शो ‘खतरों के खिलाड़ी’ में नजर आएंगी।
--आईएएनएस
एमटी/पीएम