रोहित शेट्टी फायरिंग मामला : आईएमपीपीए ने सीएम फडणवीस को लिखा पत्र, कार्रवाई की मांग

रोहित शेट्टी फायरिंग मामला : आईएमपीपीए ने सीएम फडणवीस को लिखा पत्र, कार्रवाई की मांग

मुंबई, 6 फरवरी (आईएएनएस)। रोहित शेट्टी के आवास पर हाल ही में हुए हमले को लेकर इंडियन मोशन पिक्चर प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन (आईएमपीपीए) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखा है। एसोसिएशन ने निर्माता- निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के सामने हुई गोलीबारी की घटना पर तुरंत कार्रवाई की मांग की है।

एसोसिएशन ने इस घटना को बेहद गंभीर बताया है और कहा है कि इससे पूरी फिल्म इंडस्ट्री में डर और असुरक्षा का माहौल बन गया है। आईएमपीपीए ने पत्र में लिखा है कि रोहित शेट्टी भारतीय सिनेमा जगत की सम्मानित हस्ती हैं। उन्होंने अपनी फिल्मों से न सिर्फ मनोरंजन किया है, बल्कि देश और समाज के लिए कई बार आगे आकर मदद की है। सामाजिक कार्यों और राष्ट्रीय मुद्दों पर उनका योगदान सराहनीय रहा है। ऐसे में उनके आवास के सामने गोलीबारी की घटना बेहद चिंताजनक है।

एसोसिएशन ने कहा कि यह घटना सिर्फ रोहित शेट्टी तक सीमित नहीं है। इससे कलाकारों, निर्देशकों, निर्माताओं, तकनीशियनों और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों में डर फैल सकता है। महाराष्ट्र फिल्म और मनोरंजन जगत की सांस्कृतिक और आर्थिक ताकत है। ऐसे में इस तरह की घटनाएं पूरे क्षेत्र को प्रभावित कर सकती हैं।

आईएमपीपीए ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि वे इस मामले में व्यक्तिगत रूप से हस्तक्षेप करें। एसोसिएशन ने मांग की है कि घटना की जल्द, निष्पक्ष और पूरी तरह पारदर्शी जांच हो। साथ ही रोहित शेट्टी, उनके परिवार और पूरे एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री को सुरक्षा देने के लिए मजबूत कदम उठाए जाएं।

पत्र में कहा गया है कि एसोसिएशन को पूरा भरोसा है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था मजबूत रहेगी और ऐसी घटनाओं को दोबारा होने से रोका जाएगा।

मुंबई में रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर 31 जनवरी की रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर गोलीबारी हुई। हमलावरों ने कम से कम 5 राउंड फायर किए, लेकिन किसी को चोट नहीं आई। पुलिस ने मामले की जांच में अब तक 5 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें हथियार सप्लाई करने वाला भी शामिल है। मुख्य शूटर अभी फरार है और लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ाव की जांच हो रही है।

--आईएएनएस

एमटी/एएस