रोहित शर्मा ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया: सूर्यकुमार यादव

रोहित शर्मा ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया: सूर्यकुमार यादव

मुंबई, 5 मई (आईएएनएस)। मुंबई इंडियंस (एमआई) ने सोमवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 6 विकेट से जीत दर्ज की। वानखेड़े में इस सीजन में लगातार 4 हार के बाद एमआई को जीत मिली। लक्ष्य का पीछा करते हुए एमआई की यह सबसे बड़ी जीत थी। मैच में हार्दिक पांड्या की जगह एमआई की कप्तानी सूर्यकुमार यादव कर रहे थे। जीत के बाद सूर्यकुमार यादव ने रयान रिकल्टन और रोहित शर्मा की प्रशंसा की।

मैच के बाद सूर्यकुमार यादव ने कहा, "इस सीजन में टीम कई बार मुश्किल परिस्थितियों में फंसी है। यह स्थिति नई नहीं थी। टी20 क्रिकेट में पावरप्ले के बाद का समय—खासतौर पर 7 से 10 ओवर के बीच—मैच का रुख बदलने के लिए सबसे अहम होता है, और उसी दौरान टीम ने वापसी की योजना बनाई। एलएसजी एक समय मजबूत स्थिति में थी और एक समय लगभग 8-9 ओवर में उनका स्कोर 110 के आसपास था। उसके बाद गेंदबाजों ने जिम्मेदारी लेते हुए हमारी वापसी कराई।"

सूर्यकुमार यादव ने कहा कि आज के दौर में 220-230 का लक्ष्य भी हासिल किया जा सकता है। कुछ दिन पहले हम 243 रन बनाकर हार गए।

एमआई के लिए पारी की शुरुआत करने वाले रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन की प्रशंसा करते हुए एमआई कप्तान ने कहा, "दोनों बल्लेबाजों ने टीम को वैसी ही मजबूत शुरुआत दिलायी, जैसी उनसे अपेक्षा थी। उनकी बल्लेबाजी देखकर ऐसा लग रहा था कि मैच पर उनका पूरा नियंत्रण है। रोहित शर्मा पूरी तरह फिट होकर लौटे और दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उन्होंने जिस तरह की बल्लेबाजी की वो अविश्वसनीय था। नमन और जैक्स ने भी अंत में पारी को अच्छी तरफ फिनिश किया।"

एलएसजी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निकोलस पूरन के 21 गेंदों पर बनाए 63 रन की मदद से 5 विकेट पर 228 रन बनाए थे।

रोहित शर्मा और रयान रिकल्टन ने एमआई के लिए पारी की शुरुआत की और 229 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पहले विकेट के लिए 10.5 ओवर में 143 रन की साझेदारी कर मैच का रुख पूरी तरह टीम की ओर मोड़ दिया।

रिकल्टन ने 32 गेंदों पर 8 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 83 रन की पारी खेली। रोहित शर्मा ने 44 गेंदों पर 7 छक्कों और 6 चौकों की मदद से 84 रन की पारी खेली। नमन धीर 12 गेंदों पर 23 और विल जैक्स 4 गेंदों पर 10 रन बनाकर नाबाद रहे। रिकल्टन प्लेयर ऑफ द मैच रहे।

--आईएएनएस

पीएके