आरएलडीए में साइट इंजीनियर बनने का मौका: 40 पदों पर भर्ती, आवेदन आज से शुरू

आरएलडीए में साइट इंजीनियर बनने का मौका: 40 पदों पर भर्ती, आवेदन आज से शुरू

नई दिल्ली, 2 मई (आईएएनएस)। रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) ने अल्पकालिक अनुबंध के आधार पर अलग-अलग विभागों में साइट इंजीनियर के कुल 40 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।

आरएलडीए ने जिन 40 पदों पर वैकेंसी निकाली है, उनमें साइट इंजीनियर (सिविल इंजीनियरिंग) के 30 और साइट इंजीनियर (इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग) के 10 पद शामिल हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शनिवार, 2 मई से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 22 मई तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से संबंधित पद अनुसार सिविल/इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में बीई/बीटेक की डिग्री न्यूनतम 55% अंकों के साथ होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास योग्यता प्राप्त करने के बाद कम से कम 2 वर्षों का अनुभव और प्रासंगिक क्षेत्र में अन्य निर्धारित पात्रता और कौशल का होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु 45 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 22 मई के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और इंटरव्यू के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 76,000 रुपए प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले आरएलडीए की आधिकिरक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी आधिकारिक अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को स्कैन कर एक ही पीजीएफ फाइल में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर तय समय सीमा के अंदर मेल कर दें। इसी के साथ कैंडिडेट्स आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

--आईएएनएस

डीके