राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन : शक्ति रसोई के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही जौनपुर जिले की महिलाएं

राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन: शक्ति रसोई के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रही जौनपुर जिले की महिलाएं

जौनपुर, 5 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने की दिशा में राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन (एनयूएलएम) एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है। इस योजना के तहत जिले की महिलाएं न केवल आर्थिक रूप से स्वावलंबी बन रही हैं, बल्कि समाज में अपनी एक अलग पहचान भी स्थापित कर रही हैं।

इसका जीता-जागता उदाहरण उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में संचालित शक्ति रसोई केंद्र है। जहां लगभग एक दर्जन महिलाएं मिलकर स्वरोजगार के माध्यम से अपनी आजीविका चला रही हैं। यह पहल न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ा रही है।

शक्ति रसोई केंद्र की संचालिका शिबि शाहू ने बताया कि उन्होंने 10 महिलाओं का एक समूह बनाया और सरकार की ओर से मिली सहायता के माध्यम से शक्ति रसोई की शुरुआत की। इस रसोई में वे शुद्ध और स्वादिष्ट भोजन, चाय, नाश्ता आदि तैयार कर लोगों को परोसती हैं।

शिबि ने आगे कहा, "हमारी मेहनत और सरकार की इस योजना ने हमें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है। हमारी आमदनी बढ़ी है और हम अपने परिवार का बेहतर ढंग से पालन-पोषण कर पा रहे हैं। इसके लिए हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।"

शक्ति रसोई केंद्र में कार्यरत एक अन्य महिला किरण ने अपना अनुभव साझा करते हुए बताया कि वह पहले घर से टिफिन सर्विस चलाती थीं, लेकिन इसमें उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। जब से हमें राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत शक्ति रसोई का प्लेटफॉर्म मिला, तब से हमारी जिंदगी बदल गई है। अब हम समूह में मिलकर काम करते हैं, जिससे न केवल हमारी आय बढ़ी है, बल्कि हमारा आत्मविश्वास भी मजबूत हुआ है। इस अवसर के लिए हम सरकार के प्रति आभारी हैं।"

इसी तरह, शक्ति रसोई केंद्र की एक अन्य सदस्य प्रेरणा ने बताया कि वह भी पहले घर से टिफिन सर्विस का काम करती थीं, लेकिन अब इस रसोई के माध्यम से वह बेहतर सेवा प्रदान कर अच्छी कमाई कर रही हैं। यहां काम करने से हमें न केवल आर्थिक स्थिरता मिली है, बल्कि सामाजिक सम्मान भी प्राप्त हुआ है। हम सभी महिलाएं मिलकर एक-दूसरे का सहयोग करती हैं और अपने व्यवसाय को आगे बढ़ा रही हैं। हम अपने परिवार का भरण-पोषण करने में सक्षम हो रहे हैं। इस योजना के लिए पीएम मोदी को धन्यवाद देना चाहेंगे।

आपको बता दें कि राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत शुरू की गई यह पहल न केवल महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही है, बल्कि उनके कौशल को निखारने और सामाजिक स्तर पर उनकी स्थिति को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

--आईएएनएस

एकेएस/जीकेटी