श्रीनगर, 27 फरवरी (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की बेटी और नेत्री इल्तिजा मुफ्ती ने जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम को रणजी ट्रॉफी 2025-26 का विजेता बनने की अग्रिम बधाई दी है।
इल्तिजा मुफ्ती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "जम्मू-कश्मीर को रणजी ट्रॉफी में पहली शानदार जीत के लिए पहले से बधाई। पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के लिए औकिब नबी का खास जिक्र होना चाहिए।"
जम्मू-कश्मीर की टीम हुबली में कर्नाटक के साथ रणजी ट्रॉफी का फाइनल खेल रही है। फाइनल मुकाबला अभी चल रहा है, लेकिन मौजूदा परिस्थिति को देखते हुए जम्मू-कश्मीर विजेता बन सकती है।
दरअसल, अगर रणजी ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला जीत या हार के अलावा ड्रॉ होता है, तो पहली पारी में बढ़त लेने वाली टीम को विजेता घोषित किया जाता है।
जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया था और शुभम पुंडिर के 121, यावेर हसन खान के 88, साहिल लोतरा के 72, कन्हैया वधावन और कप्तान पारस डोगरा के 70-70, और अब्दुल समद के 61 रन की बदौलत पहली पारी में 584 रन बनाए थे।
मयंक अग्रवाल के 160 रन की पारी के बावजूद औकिब नबी की घातक गेंदबाजी के दम पर जम्मू-कश्मीर ने कर्नाटक को पहली पारी में 293 रन पर समेटकर 291 रन की बड़ी बढ़त हासिल की है। औकिब ने 23 ओवर में 54 रन देकर 5 विकेट लिए।
अगर यह मैच ड्रॉ रहता है, तो पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर जम्मू-कश्मीर को विजेता घोषित किया जाएगा।
जम्मू-कश्मीर पहली बार रणजी ट्रॉफी के फाइनल में पहुंची है। फाइनल तक के सफर में दाएं हाथ के तेज गेंदबाज औकिब नबीं का अहम योगदान रहा है। नबी विपक्षी टीमों के लिए बड़ा खतरा साबित हुए हैं। नबी ने अपनी घातक गेंदबाजी के दम पर जम्मू-कश्मीर को क्वार्टर फाइनल और सेमीफाइनल में जीत दिलाया था और प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे।
क्वार्टर फाइनल में नबी ने मध्यप्रदेश के खिलाफ 8 और सेमीफाइनल में बंगाल के खिलाफ 9 विकेट लेने के अलावा 42 रन भी बनाए थे।
--आईएएनएस
पीएके