एक्शन और भावनाओं से भरपूर ‘इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2’ एक जबरदस्त सफर है : रणदीप हुड्डा

एक्शन और भावनाओं से भरपूर ‘इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2’ एक जबरदस्त सफर है : रणदीप हुड्डा

मुंबई, 6 मई (आईएएनएस)। अभिनेता रणदीप हुड्डा अपकमिंग वेब सीरीज ‘इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2’ को लेकर बेहद उत्साहित हैं। रणदीप हुड्डा एक बार फिर से इंस्पेक्टर अविनाश का किरदार निभाते नजर आएंगे। अभिनेता ने हिंट देते हुए बताया कि एक्शन और भावनाओं से भरपूर ‘इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2’ एक जबरदस्त सफर है और इस बार यह और भी मजेदार होने वाला है।

रणदीप हुड्डा ने बताया, “इस सीजन में अविनाश अपने असली और दमदार रूप में सामने आने के लिए तैयार है। वह अब सिर्फ जुर्म से नहीं लड़ रहा, बल्कि अपने परिवार, अपनी सच्चाई और अपने अस्तित्व के लिए लड़ रहा है। इसका दायरा बड़ा है, एक्शन बिल्कुल असली है और भावनाएं कहीं ज्यादा गहरी हैं। यह एक कहीं ज्यादा जबरदस्त सफर है।”

अभिनेत्री उर्वशी रौतेला इस सीजन में महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगी। उन्होंने शो की तारीफ करते हुए कहा, “‘इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2’ पहले से कहीं ज्यादा बड़ा, बेबाक और धमाकेदार है। एक्शन, भावनाएं और ट्विस्ट से भरी इस कहानी का हिस्सा बनना शानदार अनुभव रहा है। हर सीन अपनी अलग और खास अंदाज के साथ अलग स्तर पर ले जाता है। जियो हॉटस्टार के साथ जुड़ना बहुत अच्छा रहा। दर्शक जिस रोमांच और ड्रामा का इंतजार कर रहे हैं, उसे हमने मिलकर तैयार किया है।”

निर्देशक नीरज पाठक ने सीजन 2 की खासियत बताते हुए कहा, “हमने पहले सीजन की सभी पसंदीदा चीजों को इसमें शामिल किया है और उन्हें ज्यादा धमाल मचाने के माहौल में पेश किया है। अविनाश अब सिर्फ अपराधियों से नहीं, बल्कि एक ऐसे सिस्टम से भी लड़ रहा है जो उसके आसपास ढह रहा है। हमने एक्शन को बढ़ाया ही है, साथ ही भावनात्मक संघर्ष को भी और गहरा कर दिया है। इस बार लड़ाई जितनी बाहरी है, उतनी ही निजी भी है।”

यह क्राइम थ्रिलर 1990 के दशक के उत्तर प्रदेश के अशांत माहौल पर आधारित है। कहानी में इंस्पेक्टर अविनाश मिश्रा खुद को एक ऐसे तूफान में फंसा पाते हैं जो निजी और राजनीतिक दोनों स्तर पर उनका जीवन बदल देता है। बेटे के मर्डर केस में फंसने और शादी टूटने की कगार पर पहुंचने के बाद अविनाश को अपनी सबसे मुश्किल लड़ाई लड़नी पड़ती है।

सीजन 2 में रणदीप हुड्डा और उर्वशी रौतेला के साथ अमित सियाल, अभिमन्यु सिंह, रजनीश दुग्गल, शालिन भनोट और फ्रेडी दारूवाला जैसे कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। जियो स्टूडियोज के प्रस्तुत इस सीरीज को ज्योति देशपांडे, नीरज पाठक, गोल्ड माउंटेन पिक्चर्स और कृष्ण चौधरी ने प्रोड्यूस किया है। कहानी नीरज पाठक, संजय मासूम और समीर अरोड़ा ने लिखी है। ‘इंस्पेक्टर अविनाश सीजन 2’ 15 मई को जियो हॉटस्टार पर रिलीज को तैयार है।

--आईएएनएस

एमटी/एबीएम