हैदराबाद, 14 मार्च (आईएएनएस)। दिवंगत अभिनेता व तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री एमजी रामचंद्रन पर हाल ही में टिप्पणी कर आलोचनाओं का सामना कर रहे अभिनेता राजेंद्र प्रसाद ने प्रशंसकों से माफी मांगी है। इस पर अभिनेता व साउथ इंडियन आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (एसआईएए) के सचिव विशाल का मानना है कि गलती का अहसास होना बड़ी बात है।
इंस्टाग्राम अकाउंट पर वीडियो पोस्ट कर विशाल ने अभिनेता राजेंद्र प्रसाद का आभार जताते हुए उन्हें दिल से धन्यवाद दिया है। विशाल ने जारी एक वीडियो में कहा कि राजेंद्र प्रसाद सर ने अपनी गलती का एहसास करते हुए तुरंत माफी मांगी, जो बहुत बड़ा और संवेदनशील कदम है।
वीडियो में विशाल कहते नजर आए, “नमस्ते राजेंद्र प्रसाद सर। साउथ इंडियन आर्टिस्ट्स एसोसिएशन और एमजीआर के लाखों प्रशंसकों की ओर से आपको धन्यवाद। हमारी भावनाएं आहत हुई थीं, इसलिए हमने आपसे अनुरोध किया था। गलती इंसान से होती है लेकिन गलती का एहसास होने पर आपने माफी मांगी। यह आपकी ओर से बहुत प्यारा और अच्छा कदम था। हम आपकी इस संवेदनशीलता के लिए आभारी हैं। अगर भविष्य में कोई आपके बारे में गलत बात करे, तो हम उसकी निंदा जरूर करेंगे।”
उन्होंने बताया कि कई वरिष्ठ लोग राजेंद्र प्रसाद की टिप्पणी से आहत थे लेकिन माफी के बाद सबको राहत मिली। विशाल ने कहा, “कई प्रशंसक तो एमजीआर को आज भी जीवित मानते हैं। उनकी भावनाओं को समझना आपका बहुत बड़ा योगदान है।”
गौरतलब है हैदराबाद में एक कार्यक्रम में राजेंद्र प्रसाद ने अनुभवी अभिनेता कांता राव की तारीफ करते हुए उन पर एक मजाकिया टिप्पणी कर दी थी, जिसे एमजीआर के प्रशंसकों ने अपमानजनक माना। इस टिप्पणी को लेकर तमिलनाडु में आक्रोश देखने को मिला। मामला गर्माता देख राजेंद्र प्रसाद ने एक वीडियो जारी कर टिप्पणी के लिए दिल से माफी मांगी।
माफी के दौरान उन्होंने कहा, “मैं अभिनेता राजेंद्र प्रसाद आप सभी से मांगता हूं। उस कार्यक्रम में कांता राव सर को सम्मानित किया जा रहा था। सर के बारे में मजाकिया अंदाज में बात करते हुए मेरे मुंह से अनजाने में एक शब्द निकल गया। मैं उनका बहुत सम्मान करता हूं। मद्रास फिल्म इंस्टीट्यूट में पढ़ाई के दौरान वह मुख्यमंत्री थे और हमसे मिलने आते थे। मैं उनके बारे में कभी गलत नहीं सोच सकता। अगर मेरी बात से किसी की भावनाएं आहत हुईं, तो कृपया मुझे माफ कर दें। मैं वादा करता हूं कि आगे कभी ऐसा नहीं होगा। इस मामले को यहीं खत्म कर दें।”
--आईएएनएस
एमटी/पीएम