पंजाब के राज्यपाल ने छोड़ी गाड़ी, ई-बस से किया सफर, बोले- नहीं रुकनी चाहिए देश की गति

पंजाब के राज्यपाल ने छोड़ी गाड़ी, ई-बस से किया सफर, बोले- नहीं रुकनी चाहिए देश की गति

चंडीगढ़, 20 मई (आईएएनएस)। वैश्विक संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर देशभर में ईंधन बचाने की पहल चलाई जा रही हैं। इसी क्रम में पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया आज के रेलवे कार्यक्रम में एक ई-बस से पहुंचे। उन्होंने कहा कि सभी लोगों को मिलकर प्रयास करने चाहिए कि देश की गति नहीं रुके।

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने हर बुधवार 'नो कार डे' पहल शुरू की है। इसी कड़ी में वे बुधवार को अपने आधिकारिक कार्यक्रमों के लिए चंडीगढ़ परिवहन उपक्रम (सीटीयू) की इलेक्ट्रिक बस और गोल्फ कार्ट से यात्रा करके कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "अगर कोई नई पहल शुरू करना चाहता है, तो ऊंचे पदों पर बैठे लोगों को खुद उसका पालन करना चाहिए। इससे हमें नैतिक बल मिलता है जब हम जनता से उसका पालन करने को कहते हैं, और लोगों के लिए इसे अपनाना भी आसान हो जाता है। हमने अपने केंद्र शासित प्रदेश में यह पहल शुरू की है।"

उन्होंने आगे कहा, "अगली बार हम स्कूल-कॉलेज के बच्चों से कहेंगे कि हर बुधवार के दिन पैदल या साइकिल से जाएं और सार्वजनिक वाहनों का इस्तेमाल करें।"

राज्यपाल ने कहा कि अगर कोई भी एक छात्र महीनेभर में एक लीटर भी पेट्रोल या डीजल की बचत करता है तो पूरे देश में बड़ी मात्रा में अब ईंधन को बचा सकते हैं। इसी तरह सभी लोगों को मिलकर प्रयास करने चाहिए। देश की गति नहीं रुकनी चाहिए।

गुलाब चंद कटारिया ने बताया कि हर बुधवार को वे सार्वजनिक वाहनों के जरिए ही कार्यक्रमों में जाएंगे। उन्होंने बताया कि अधिकारी भी अपने-अपने साधनों को छोड़कर सरकारी साधन का इस्तेमाल करें। अगर वे ऐसा नहीं कर सकते हैं तो साइकिल से आएं या पैदल चलकर आएं।

राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने बुधवार को केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के साथ अंबाला-चंडीगढ़ रेल खंड पर 'बाल्टाना रोड अंडर ब्रिज' की आधारशिला रखी। चंडीगढ़ प्रशासन के सहयोग से 12.80 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित यह परियोजना यातायात की भीड़ को कम करेगी और बाल्टाना व आसपास के क्षेत्रों के लिए अधिक सुरक्षित और सुगम संपर्क सुनिश्चित करेगी।

--आईएएनएस

डीसीएच/