पीएसएल 2026 निर्धारित समय और शेड्यूल के मुताबिक होगी: पीसीबी

पीएसएल 2026 निर्धारित समय और शेड्यूल के मुताबिक होगी: पीसीबी

नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने पीएसएल 2026 को लेकर उठ रही अटकलों पर विराम लगाते हुए कहा है कि टूर्नामेंट अपने निर्धारित शेड्यूल के मुताबिक 26 मार्च को शुरू होगा। बोर्ड ने कहा कि किसी भी विदेशी खिलाड़ी ने अभी तक नाम वापस नहीं लिया है।

पीसीबी का स्पष्ट संदेश है कि पीएसएल 2026 समय पर शुरू होगा, विदेशी खिलाड़ी उपलब्ध हैं। पेशावर का मैच अभी भी निर्धारित है और लीग अपनी पूरी तैयारी के साथ आगे बढ़ रही है। यह घोषणा टूर्नामेंट की विश्वसनीयता और क्रिकेट पर फोकस बनाए रखने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

बोर्ड ने कहा कि सभी मैच और फ्रेंचाइजी की तैयारी योजना के अनुसार जारी हैं। ट्रे्निंग सेशन 24 और 25 मार्च को निर्धारित हैं, जिससे खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के समय पर पहुंचने की संभावना बनी रहे।

बोर्ड ने यह भी कहा कि अगर परिस्थितियां अचानक बदलती हैं तो वैकल्पिक वेन्यू के रूप में यूएई उपलब्ध है। हालांकि फिलहाल किसी मैच को पाकिस्तान से शिफ्ट करने पर विचार नहीं किया जा रहा है। पीसीबी ने स्पष्ट किया कि लीग का संचालन व्यवस्थित तरीके से होगा।

पीएसएल 2026 लीग का 11वां सीजन है। इस बार 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। 6 शहरों में 44 मैच खेले जाएंगे। इस बार मैचों का आयोजन लाहौर, कराची, मुल्तान, रावलपिंडी, पेशावर और फैसलाबाद में होना है। ओपनिंग मैच 26 मार्च को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में डिफेंडिंग चैंपियन लाहौर कलंदर्स और हैदराबाद किंग्स के बीच होगा। हैदराबाद किंग्स नई टीम है और इसी सीजन से लीग में अपना सफर शुरू करेगी।

पीसीबी ने इस महीने की शुरुआत में पूरा शेड्यूल जारी कर दिया था।

बोर्ड की तरफ से यह बयान ऐसे समय पर आया है कि जब कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में सवाल उठाए गए थे कि क्या ऑस्ट्रेलियाई और अन्य विदेशी खिलाड़ी क्षेत्रीय तनाव के बीच पाकिस्तान यात्रा करेंगे? पेशावर में होने वाले एकमात्र मैच पर संशय जताया जा रहा है। संशय पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के साथ ही ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध की वजह से पूरे क्षेत्र में फैली अशांति की वजह से जताई जा रही है।

--आईएएनएस

पीएके