मुंबई, 28 जुलाई (आईएएनएस)। भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने एक बार फिर सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया है। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में कंगना ने प्रदर्शनकारियों पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर कोई व्यक्ति सार्वजनिक रूप से कुछ बोलता है तो उसे सुनने के लिए भी तैयार रहना चाहिए। उन्होंने अपने पोस्ट में प्रदर्शनकारियों के व्यवहार, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे मुद्दों का जिक्र किया।
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में लिखा, ''सड़कों पर जिन प्रदर्शनकारियों को आम जनता पीट रही है और जिन्हें गालियां पड़ रही हैं, यह उनकी अपनी गंदी और अभद्र रील्स की वजह से है। उन्हें यह समझना होगा कि जब आप बोलते हो, तो सुनना भी पड़ेगा।''
कंगना ने लिखा, ''अगर आप सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाते हैं, तो वही जनता आपको भी नुकसान पहुंचाएगी। अगर आपको देश और सरकार से परेशानी है और आपने सार्वजनिक रूप से खूब गंदी-गंदी गालियां दी हैं, तो अब उन लोगों की भी सुनिए जो इस देश से प्यार करते हैं और वोट की ताकत से इस सरकार को चुनकर लाए हैं, क्योंकि बोलने का हक उनका भी है।''
कंगना ने अपने पोस्ट में कहा, ''अब रोने वाली कोई बात नहीं है। हर क्रिया की एक बराबर और विपरीत प्रतिक्रिया होती है। अगर अब तक पढ़ाई करके 'कारण और प्रभाव' समझ नहीं आया है, तो अब आ जाएगा... और बहुत अच्छे से समझ आ जाएगा।''
दरअसल, यह पूरा मामला छात्र आंदोलन और सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कुछ वीडियो से जुड़ा हुआ है। कुछ दिनों से कंगना रनौत इस आंदोलन को लेकर अपनी राय सोशल मीडिया पर लगातार साझा कर रही हैं। इससे पहले भी उन्होंने प्रदर्शनकारियों की भाषा और तरीके पर सवाल उठाए थे। कंगना ने कुछ पोस्ट में प्रदर्शनकारियों के वीडियो और उनके बोलने के अंदाज पर नाराजगी जताते हुए उन्हें 'जेनरेशन गटर' तक कह दिया था। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा था, 'मैंने पूरी जिंदगी कभी इतनी बदसूरती एक साथ नहीं देखी। जेन जी के विरोध-प्रदर्शनों की ये वीडियोज देखकर घिन आती है। इन लोगों के बोलने का तरीका और जिस भाषा का ये इस्तेमाल कर रहे हैं, वैसा मैंने पहले कभी नहीं देखा। हर वीडियो परेशान करने वाला है। आखिर इन्हें जन्म कौन दे रहा है और इनकी परवरिश कौन कर रहा है?'
--आईएएनएस
पीके/पीएम