पीएमईजीपी योजना से खड़ा किया सफल कारोबार, शाकिर खान बने कई लोगों के लिए रोजगारदाता

पीएमईजीपी योजना से खड़ा किया सफल कारोबार, शाकिर खान बने कई लोगों के लिए रोजगारदाता

धमतरी, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) योजना के माध्यम से छत्तीसगढ़ के युवाओं को अपना व्यवसाय शुरू करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिल रहा है। योजना के तहत बैंक से ऋण और सब्सिडी की सुविधा लेकर युवा अपना कारोबार शुरू कर सकते हैं।

धमतरी जिले के शाकिर खान इसकी एक मिसाल हैं, जिन्होंने योजना का लाभ लेकर अपना होटल शुरू किया और आज 6 से 7 लोगों को रोजगार भी दे रहे हैं। लाभार्थी शाकिर खान ने बताया कि योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने जरूरी दस्तावेज जुटाए और बैंक से संपर्क किया। इसके बाद उन्हें योजना का लाभ मिला और अपना व्यवसाय शुरू करने के लिए ऋण प्राप्त हुआ। इस योजना से मिली मदद ने उनके उद्यमी बनने के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाई।

शाकिर खान ने बताया कि पहले वह एक छोटी-सी झोपड़ी में रहकर जीवनयापन करते थे। आर्थिक स्थिति भी पहले जैसी नहीं थी, लेकिन योजना का लाभ मिलने के बाद उनकी जिंदगी में बदलाव आया। आज उनका अपना पक्का मकान है और होटल का कारोबार भी अच्छे स्तर पर बढ़ चुका है। उनके व्यवसाय से 6 से 7 अन्य लोगों को भी रोजगार मिल रहा है। साथ ही ऋण की किस्तें छोटी-छोटी होने के कारण धीरे-धीरे पूरा लोन भर चुका हूं।

लाभार्थी ने कहा कि यदि मोदी सरकार यह योजना नहीं लाती तो उद्यमी बनने का उनका सपना शायद अधूरा रह जाता। उन्होंने इस योजना को युवाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने वाली पहल बताया। साथ ही योजना के तहत ऋण और सब्सिडी मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार जताया।

पीएमईजीपी एक प्रमुख ऋण-आधारित सब्सिडी कार्यक्रम है जिसका उद्देश्य गैर-कृषि क्षेत्र में सूक्ष्म उद्यमों की स्थापना के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर पैदा करना है। यह योजना राष्ट्रीय स्तर पर नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करने वाले खादी और ग्राम उद्योग आयोग (केवीआईसी) द्वारा कार्यान्वित की जाती है। राज्य स्तर पर यह योजना राज्य केवीआईसी निदेशालयों, राज्य खादी और ग्राम उद्योग बोर्डों (केवीआईबी), जिला उद्योग केंद्रों (डीआईसी) और बैंकों के माध्यम से कार्यान्वित की जाती है ।

--आईएएनएस

पीएसके/वीसी