पीएम-सेतु योजना से बंगाल के युवाओं को मिलेगा रोजगार, अगले पांच वर्षों में हजारों करोड़ रुपए का होगा निवेश: जगन्नाथ चट्टोपाध्याय

पीएम-सेतु योजना से बंगाल के युवाओं को मिलेगा रोजगार, अगले पांच वर्षों में हजारों करोड़ रुपए का होगा निवेश: जगन्नाथ चट्टोपाध्याय

कोलकाता, 12 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार के मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय ने प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन (पीएम-सेतु) पहल को राज्य के युवाओं के लिए रोजगार और कौशल विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।

उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) का आधुनिकीकरण करना, युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षित करना और उन्हें बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

मंत्री जगन्नाथ चट्टोपाध्याय ने आईएएनएस को बताया कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वर्ष 2024-25 के केंद्रीय बजट में देशभर के हजारों आईटीआई संस्थानों के विकास और उन्नयन के लिए 60 हजार करोड़ रुपए की महत्वाकांक्षी परियोजना की घोषणा की थी। इस योजना को प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन यानी पीएम-सेतु नाम दिया गया था।

उन्होंने आरोप लगाया कि योजना के नाम में प्रधानमंत्री शब्द जुड़े होने के कारण राज्य सरकार ने पहले इस परियोजना को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद इस योजना को लागू करने और उससे जुड़ने का निर्णय लिया गया। उनके अनुसार पीएम-सेतु योजना केंद्र सरकार, राज्य सरकार और औद्योगिक संगठनों के बीच समन्वय स्थापित कर युवाओं को कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान करने तथा प्रशिक्षण के बाद रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगी।

जगन्नाथ चट्टोपाध्याय ने कहा कि आने वाले पांच वर्षों में इस योजना के तहत पश्चिम बंगाल में लगभग 5,000 से 6,000 करोड़ रुपए का निवेश किया जाएगा। इस निवेश के माध्यम से आईटीआई संस्थानों में आधुनिक तकनीक, उन्नत प्रशिक्षण सुविधाएं और उद्योग आधारित पाठ्यक्रम विकसित किए जाएंगे। इससे राज्य के हजारों युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा और कौशल प्रशिक्षण प्राप्त होगा, जिससे उनकी रोजगार क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी