गंगटोक, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को सिक्किम के 50वें राज्य स्थापना दिवस समारोह में हिस्सा लिया और लगभग 4,000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर भारत देश की “अष्टलक्ष्मी” है और सिक्किम उसका एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लगातार तीन पोस्ट साझा किए। पहली पोस्ट में उन्होंने लिखा कि गंगटोक में मिले उत्साह और स्नेह ने उन्हें नई ऊर्जा से भर दिया। उन्होंने सिक्किमवासियों को राज्य स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि भारत को राष्ट्रीय विकास में सिक्किम के योगदान पर गर्व है। उन्होंने कहा कि सिक्किम के लोगों ने कई क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बनाई है और उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली की देशभर में सराहना होती है।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम की कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि ये सिक्किम के 50वें राज्य स्थापना दिवस समारोह की कुछ खास झलकियां हैं।
तीसरी पोस्ट में प्रधानमंत्री ने गंगटोक स्थित ऑर्किडेरियम के दौरे का जिक्र किया। उन्होंने लिखा कि वहां की सुंदरता ने उन्हें मंत्रमुग्ध कर दिया। उन्होंने कहा कि सिक्किम की समृद्ध जैव विविधता वास्तव में अद्भुत है और ऐसे प्रयास प्रकृति के साथ हमारे गहरे सामंजस्य को दर्शाते हैं। साथ ही ये संरक्षण और सतत जीवनशैली की प्रेरणा भी देते हैं।
वहीं, पालजोर स्टेडियम में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले वर्षों में पूर्वोत्तर राज्यों के विकास को विशेष प्राथमिकता दी है। उन्होंने कहा कि सरकार अब केवल “एक्ट ईस्ट” नीति तक सीमित नहीं है, बल्कि “एक्ट फास्ट” दृष्टिकोण के साथ तेजी से विकास कार्य कर रही है।
इस दौरान, प्रधानमंत्री ने कहा कि पर्यटन की अपार संभावनाओं का पूरा लाभ तभी मिल सकता है, जब क्षेत्र में मजबूत कनेक्टिविटी विकसित की जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि केंद्र सरकार पूर्वोत्तर क्षेत्र में सड़क, रेल और हवाई संपर्क को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
उन्होंने बताया कि सेवोक-रंगपो रेल लाइन परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है और इसके पूरा होने के बाद सिक्किम को इतिहास में पहली बार रेल संपर्क मिलेगा।
प्रधानमंत्री ने बागडोगरा को गंगटोक से जोड़ने वाले प्रस्तावित एक्सप्रेसवे का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से यात्रा समय में बड़ी कमी आएगी और पर्यटन को भी नया बढ़ावा मिलेगा।
--आईएएनएस
डीएससी