पीएम मोदी ने की तारीफ तो अनूप एंटनी बोले- मेरी जिंदगी उनके लिए समर्पित

पीएम मोदी ने की तारीफ तो अनूप एंटनी बोले- मेरी जिंदगी उनके लिए समर्पित

थिरुवल्ला, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को केरल के तिरुवल्ला में जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने तिरुवल्ला विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार और 'राइट-हैंड मैन' अनूप एंटनी जोसेफ की तारीफ की।

इसके बाद तिरुवल्ला से भाजपा उम्मीदवार अनूप एंटनी जोसेफ ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि देखिए, मैं इमोशंस बता नहीं सकता, क्योंकि मेरे जैसे छोटे इंसान पर प्रधानमंत्री ने प्यार लुटाया। इसे शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता है। मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं, और मैं उनका शुक्रिया अदा करता हूं। मेरी पूरी जिंदगी उनके लिए समर्पित है।

अनूप एंटनी जोसेफ ने आगे कहा कि मुझे उनके नजदीक रहकर काम करने का मौका मिला। पिछले चार-पांच सालों से कुछ काम करने का मौका मिला। जिस तरीके से मैं कर सकता था, मैंने किया, लेकिन कितने अच्छे तरीके से किया, ये मुझे आइडिया नहीं है। पीएम मोदी ने आज मुझे जिस तरह से आशीर्वाद दिया, मैं मानता हूं कि मेरे जीवन का सबसे कीमती पल था।

उन्होंने कहा कि पीएम मोदी की ताकत और केंद्र सरकार के सपोर्ट से एक विधायक आएगा तो तिरुवल्ला का विकास कितना होगा? मैं जनता के बीच में रहने वाला नेता हूं। जनता की हर तकलीफ में मैं पहुंचता हूं, इसलिए जनता चाहती है कि उनको एक ऐसा नेता मिल जाए, उनको लीड करने के लिए, उनके हर काम में मदद करने के लिए।

अनूप एंटनी जोसेफ ने 'मोदी की गारंटी' पर कहा कि 'मोदी की गारंटी' हर क्षेत्र को मिलती है, लेकिन उसकी सबसे बड़ी खूबी यह है कि पिछड़े लोगों को सबसे पहले लाभ मिलता है। देश के दलित वर्ग, एसटी वर्ग को आगे लाने का काम पीएम मोदी ने किया। नॉर्थ ईस्ट को आगे लाने का काम पीएम मोदी ने किया। क्रिश्चियन समुदाय से आने वाले मेरे जैसे लोगों को आगे लाने का काम किया।

अनूप एंटनी जोसेफ ने आगे कहा कि पीएम मोदी ने सबसे महत्वपूर्ण काम महिलाओं को आगे लाने का किया है। वे महिलाओं के फायदे के लिए योजना बनाते हैं। संसद में महिलाओं के लिए आरक्षण लाना ऐतिहासिक है। महिलाओं की चिंता किसी ने की है तो वो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं।

वहीं, अरनमुला विधानसभा क्षेत्र से एनडीए उम्मीदवार और मिजोरम के पूर्व राज्यपाल कुम्मनम राजशेखरन ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि केरल में लोग सोच रहे हैं कि एलडीएफ और यूडीएफ में व्यवहार्यता नहीं है। केरल की राजनीति में उनकी कोई व्यवहार्यता नहीं है, इसलिए लोग बदलाव के बारे में सोच रहे हैं। हजारों लोग यहां सिर्फ पीएम मोदी को देखने और उनकी बातें सुनने के लिए इकट्ठा हुए।

उन्होंने कहा कि केरल की जनता बदलाव चाहती है, इसलिए पीएम मोदी सिर्फ यह वादा कर रहे हैं कि हम केरल की जनता का ध्यान रखेंगे, और हम यहां सरकार बनाएंगे। एलडीएफ और यूडीएफ यहां के लोगों को धोखा दे रहे हैं, इसलिए हम केरलम की जनता को बचाने और उनकी सेवा करने के लिए होंगे।

कुम्मनम राजशेखर ने कहा कि अगर मैं बेरोजगारी और रोजगार की बात करूं तो उतना रोजगार नहीं है। हमें यह मानना ​​होगा। हम जहां भी जाते हैं, भारत या भारत के बाहर, मलयालम के लोगों को देखेंगे। वे यहां से क्यों चले गए? क्योंकि यहां नौकरी करने का कोई विकल्प नहीं है। यहां कोई इंडस्ट्री, ट्रेड, या कॉमर्स इंडस्ट्री नहीं है, सब कुछ लो लेवल पर है, इसलिए कोई इंडस्ट्री नहीं आ रही है।

भाजपा नेता गोपाल शेट्टी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि मैं और बहुत सारे महाराष्ट्र से कार्यकर्ता 20 तारीख से यहां आए हैं। विनोद तावड़े के नेतृत्व में बहुत शानदार ढंग से यहां पर महाराष्ट्र के लोग काम कर रहे हैं। केरल के कार्यकर्ताओं के त्याग-तपस्या को देखकर हम जैसे कार्यकर्ता भी प्रभावित हुए हैं। केरल में इस बार बहुत बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पीएम मोदी की जनसभा में बड़े पैमाने पर लोग आए।

गोपाल शेट्टी ने कहा कि एलडीएफ और यूडीएफ दोनों ने आत्मविश्वास खो दिया है। भाजपा के कार्यकर्ताओं और मतदाताओं की जो प्रतिक्रिया यहां पर देखने को मिली है। इससे दोनों पार्टियों ने अपना आत्मविश्वास खो दिया है। आज की इस जनसभा से सिद्ध हो गया है कि भाजपा केरल में अपना परचम लहराएगी।

--आईएएनएस

एसडी/डीकेपी