तारकेश्वर में पीएम मोदी की जनसभा, लोगों ने कहा- डबल इंजन सरकार ने पश्चिम बंगाल में पकड़ी विकास की रफ्तार

तारकेश्वर में पीएम मोदी की जनसभा, लोगों ने कहा- डबल इंजन सरकार ने पश्चिम बंगाल में पकड़ी विकास की रफ्तार

तारकेश्वर, 20 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल के तारकेश्वर में थे। उन्होंने एक जनसभा को भी संबोधित किया। उन्हें सुनने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। इस दौरान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की 23वीं किस्त भी जारी की गई। इसके तहत देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक किसान परिवारों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से 18,880 करोड़ रुपए से अधिक की राशि भेजी गई।

जनसभा में पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के बाद बंगाल के उज्ज्वल भविष्य के लिए जो सपना देखा गया था, बंगाल की महान आत्माओं ने जो परिकल्पना की थी, आज एक तरह से पहली बार हम पश्चिम बंग दिवस पर उन सपनों को सच्चाई में बदलते देख रहे हैं। यह ऐतिहासिक तारीख पश्चिम बंगाल के विकास की प्रेरणा बने, हम एक नया और गौरवशाली इतिहास रचें, आज एनडीए सरकार में इसके लिए विकास के महाअभियान की शुरुआत हो रही है।

पीएम मोदी की जनसभा सुनने आए कुछ लोगों ने आईएएनएस से बातचीत की। गोपाल उपाध्याय ने कहा कि पीएम मोदी के अथक परिश्रम के बाद अच्छे दिन देखने को मिल रहे हैं। यहां डबल इंजन की सरकार बनने के बाद बंगाल के साथ पूरा भारत सुरक्षित हुआ। पूर्व की सरकार में घुसपैठ लगातार बढ़ रही थी। हम बहुत खुश हैं कि पीएम मोदी बंगाल दिवस पर यहां आए हैं। अभी जो डबल इंजन की सरकार आई है, हम देख रहे हैं कि सिर्फ चंद दिनों में सारे क्षेत्रों में विकास कार्य शुरू हो गए हैं। पूर्व की सरकारों में काम नहीं बोलता था, सिर्फ आतंक बोलता था। हम पीएम मोदी से कहना चाहते हैं कि पूर्व की सरकारों ने बंगाल को खोखला कर दिया है। भारत की तरह पश्चिम बंगाल को भी संवार दें।

एक अन्य शख्स ने कहा कि हम लोगों का सौभाग्य है कि पीएम मोदी यहां आए हैं। बंगाल दिवस को मनाने के लिए हमारे पीएम आए हैं और विकास के कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। कई योजनाओं को शुभारंभ हुआ है। डबल इंजन सरकार में बहुत कार्य होगा, हमें पूर्ण विश्वास है। हम चाहते हैं कि पूर्व में जो फैक्ट्री बंद हुई, उसे शुरू करवाया जाए।

एक महिला ने कहा कि बंगाल की जनता के आशीर्वाद से जनता की सरकार स्थापित हुई है। डबल-इंजन सरकार ने विकास कार्य करने के लिए बंगाल में डबल स्पीड पकड़ ली है।

एक अन्य महिला ने कहा कि हमें गर्व है कि पीएम मोदी आए हैं। वह विकास को लेकर अच्छी सोच के साथ काम करते हैं और जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं। उन्होंने सरकार बनाने का दावा किया था और वह पूरा हुआ।

--आईएएनएस

डीकेएम/एबीएम