नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ईंधन बचाने और पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने की अपील के बाद देशभर में भाजपा और एनडीए के नेताओं ने सार्वजनिक व पर्यावरण-अनुकूल परिवहन साधनों का उपयोग करना शुरू कर दिया है। सोमवार को कई नेताओं ने इलेक्ट्रिक वाहन, साइकिल और मेट्रो से सफर कर प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन किया।
दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी के सांसद मनोज तिवारी और एनडीएमसी के उपाध्यक्ष कुलजीत चहल ने इलेक्ट्रिक ऑटो से यात्रा की। बाद में उन्होंने मेट्रो का इस्तेमाल किया।
वहीं, चंडीगढ़ में हरियाणा सरकार के मंत्री अरविंद कुमार शर्मा साइकिल से अपने कार्यालय पहुंचे। उन्होंने कहा कि ईंधन संरक्षण के लिए प्रधानमंत्री की अपील का पालन करना सभी की साझा जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से छोटी दूरी के लिए साइकिल और सार्वजनिक परिवहन अपनाने की अपील की।
मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मैं भी साइकिल से पंचकूला गया। मैं ईंधन बचाने के लिए प्रधानमंत्री की अपील का पालन कर रहा हूं और यह हम सभी का साझा प्रयास है। ईंधन संरक्षण की दिशा में यह मेरा एक छोटा सा योगदान है। जब हम चंडीगढ़ में होते हैं, चाहे वह हमारे आवास से कार्यालयों तक का सफर हो, सचिवालय, विधानसभा, या मुख्यमंत्री के आवास पर होने वाली बैठकें, तो हमें अपने योगदान को बढ़ाने के लिए यथासंभव साइकिल का उपयोग करने का प्रयास करना चाहिए।"
हरियाणा के मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने भी साइकिल से सफर किया। उन्होंने कहा, "देश के प्रधानमंत्री की अपील को उसकी सही भावना के साथ लागू किया जाना चाहिए और उसका पालन होना चाहिए। यह हमारी जिम्मेदारी है। इस संदेश को लोगों तक पहुंचाना और इसे लागू करना भी हमारी ही जिम्मेदारी है। आज कैबिनेट की बैठक है और सभी को अपने घरों से बैठक स्थल तक आने के लिए प्रयास करना चाहिए, जो कि बहुत दूर नहीं है।"
उन्होंने फिर से दोहराया कि जहां भी संभव हो, हमें सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करना चाहिए और सार्वजनिक परिवहन के लिए नई व्यवस्थाओं को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री की अपील को जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं ने सकारात्मक रूप से स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि उनके वाहन काफिले को भी सीमित किया गया है और आवश्यकता अनुसार कम वाहनों का उपयोग किया जा रहा है।
ब्रजेश पाठक ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता से पेट्रोलियम उत्पादों का इस्तेमाल कम करने की अपील की है और प्रदेश की जनता ने इसे सहर्ष स्वीकार किया है। हम और हमारी पार्टी के कार्यकर्ता भी इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। हमारे वाहनों का काफिला कम कर दिया गया है। एक वाहन में सुरक्षाकर्मी और स्टाफ चलते हैं, जबकि दूसरे में मैं और मेरी टीम चलती है। यह तब तक जारी रहेगा जब तक वैश्विक स्थिति में सुधार नहीं हो जाता।"
लखनऊ में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दानिश अंसारी इलेक्ट्रिक कार से यात्रा करते नजर आए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय संसाधनों के सीमित उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने साझा वाहन उपयोग और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन को बढ़ावा देने पर जोर दिया।
अंसारी ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश से राष्ट्रीय संसाधनों के सीमित उपयोग की अपील की है और हम सभी को इस अपील का समर्थन करना चाहिए। हम स्थानीय स्तर पर एक ही वाहन में यात्रा करेंगे और पर्यावरण-अनुकूल परिवहन के उपयोग को बढ़ावा देंगे। देश के हित में काम करना और देश को आगे ले जाना हमारी जिम्मेदारी है। यही हमारा संदेश है।"
कर्नाटक के विजयपुरा में भाजपा सांसद रमेश जिगाजिनगी ने इलेक्ट्रिक वाहन का उपयोग करते हुए प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि देश में ईंधन पर निर्भरता कम करना आवश्यक है। उन्होंने यह भी दावा किया कि कर्नाटक और पूरे भारत में कांग्रेस कमजोर पड़ रही है।
बिहार में प्रधानमंत्री की अपील के बाद राज्य परिवहन विभाग ने सचिवालय कर्मचारियों के लिए पांच मार्गों पर एसी बस सेवाएं शुरू की हैं। परिवहन मंत्री दामोदर रावत ने बताया कि कर्मचारियों को निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन के उपयोग के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा, "हमने सचिवालय के कर्मचारियों के लिए इलेक्ट्रिक बसों को हरी झंडी नहीं दिखाई है। इसके बजाय, हमने सचिवालय के कर्मचारियों के लिए एससी बसें चलाना शुरू किया है और यह सेवा पांच अलग-अलग जगहों से शुरू की गई है।"
वहीं, एलजेपी (रामविलास) के सांसद अरुण भारती ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में देशहित के लिए ईंधन बचत और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की जरूरी है। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री के सुझावों का पालन करने की अपील की। इसके अलावा, मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि ईंधन की खपत कम करने के लिए राज्य में 'नो व्हीकल डे' मनाया जाएगा। उन्होंने वैश्विक संकट की तैयारियों को लेकर पीएम मोदी के आह्वान का समर्थन किया।
--आईएएनएस
डीसीएच/