कोलकाता, 2 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच दक्षिण 24 परगना जिले की डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम विधानसभा सीटों के 15 मतदान केंद्रों पर शनिवार को पुनर्मतदान हो रहा है।
सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है और शाम 6 बजे तक मतदान जारी रहेगा। इन 15 केंद्रों में से 11 बूथ मगराहाट पश्चिम में और 4 बूथ डायमंड हार्बर में स्थित हैं।
डायमंड हार्बर में पुनर्मतदान से पहले मतदाताओं में उत्साह और भरोसा देखने को मिला। एक मतदाता ने आईएएनएस से कहा, "मैं आज सुबह 6 बजे उठ गया था। यहां व्यवस्थाएं काफी अच्छी हैं, हमें किसी तरह का डर नहीं है। पहले भी काम अच्छा हुआ था और हमें उम्मीद है कि आगे और बेहतर होगा।"
एक अन्य मतदाता ने कहा, "पहली बार भी मतदान ठीक से हुआ था, लेकिन इस बार व्यवस्थाएं और भी बेहतर हैं। हमें यहां कोई परेशानी नहीं हो रही। ऐसा अनुभव हमने पहली बार देखा है।"
वहीं, एक अन्य व्यक्ति ने बताया, "मैं पहले वोट डालूंगा और फिर काम पर जाऊंगा। यहां सब कुछ सुचारू रूप से चल रहा है और व्यवस्थाएं संतोषजनक हैं।"
एक मतदाता ने पिछले मतदान का जिक्र करते हुए कहा, "पिछली बार मशीन में खराबी आ गई थी, इसी वजह से दोबारा वोटिंग कराई जा रही है। इस बार सुरक्षा और इंतजाम दोनों अच्छे हैं।"
बता दें कि यह पुनर्मतदान निर्वाचन आयोग के आदेश पर कराया जा रहा है। दरअसल, भारतीय जनता पार्टी ने इन मतदान केंद्रों पर ईवीएम के साथ छेड़छाड़ के आरोप लगाए थे। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए आयोग ने जांच के बाद इन बूथों पर दोबारा मतदान कराने का फैसला किया।
अब सभी की नजर 4 मई पर टिकी है, जब वोटों की गिनती की जाएगी और पश्चिम बंगाल के चुनावी नतीजे सामने आएंगे।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस