मुंबई, 7 मई (आईएएनएस)। ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर फिल्म निर्माता-निर्देशक व लेखक विवेक रंजन अग्निहोत्री ने देश की सेना को सलाम किया है। उन्होंने सशस्त्र बलों के साहस को नमन करते हुए कहा, “एक साल बीत गया, जब भारत ने दुनिया को दिखाया कि शांति हमारा स्वभाव है, लेकिन चुप्पी हमारी कमजोरी नहीं है।”
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व की सराहना की और कहा कि उस निर्णायक पल में पूरा देश एकजुट होकर खड़ा रहा। उन्होंने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए लिखा, “आज मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली हमारी लीडरशिप, हमारी बहादुर सेना के साहस और हर उस भारतीय की भावना को नमन करता हूं, जो राष्ट्रीय संकल्प के उस पल में एकजुट होकर खड़े रहे।”
विवेक रंजन ने इस बात पर जोर दिया कि ऑपरेशन सिंदूर की सच्ची कहानी को पूरी ताकत और सच्चाई के साथ दुनिया के सामने लाना चाहिए। उन्होंने कहा, “शायद सबसे बड़ी श्रद्धांजलि जो हम दे सकते हैं, वह यह सुनिश्चित करना है कि ऑपरेशन सिंदूर की कहानी दुनिया को बताई जाए। पूरी सच्चाई और पूरी ताकत के साथ ताकि दुनिया को याद रहे कि किस चीज की रक्षा की गई, किस चीज का बलिदान दिया गया और मानवता को जिंदा रखने के लिए क्या कीमत चुकानी पड़ी।”
उन्होंने कहा, “इतिहास युद्धों को याद रखता है। सभ्यताएं साहस को याद रखती हैं। इस ऑपरेशन में भारतीय सेना ने जो साहस और हिम्मत दिखाई, वो राष्ट्र की गरिमा और सुरक्षा की मजबूत मिसाल बनी। उन्होंने कहा कि शांति पसंद भारत हमेशा शांतिप्रिय रहा है, लेकिन जब जरूरत पड़ी तो वह दृढ़ता से अपने हितों और मूल्यों की रक्षा करने में सक्षम है।
विवेक रंजन ने हाल ही में बताया था कि उन्होंने भूषण कुमार के साथ नए प्रोजेक्ट के लिए हाथ मिलाया है। दोनों मिलकर फिल्म 'ऑपरेशन सिंदूर' लेकर आ रहे हैं। उन्होंंने बताया कि उनकी यह फिल्म 'ऑपरेशन सिंदूर' लेफ्टिनेंट जनरल के.जे.एस. 'टाइनी' ढिल्लों की किताब 'ऑपरेशन सिंदूर: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ इंडियाज डीप स्ट्राइक्स इनसाइड पाकिस्तान' पर आधारित है।
--आईएएनएस
एमटी/वीसी