ऑपरेशन 'रैम्बो' : सूरत के 11 थाना क्षेत्रों से 72 आरोपी गिरफ्तार, कई हथियार बरामद

ऑपरेशन 'रैम्बो' : सूरत के 11 थाना क्षेत्रों से 72 आरोपी गिरफ्तार, कई हथियार बरामद

गांधीनदर, 20 मई (आईएएनएस)। गुजरात के सूरत शहर में कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले और सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाकर लोगों के बीच खौफ पैदा करने वाले अपराधियों के खिलाफ सूरत पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओसी) ने एक बड़ा अभियान छेड़ा है। एसओसी के डीसीपी राजदीप सिंह नकुम ने 'ऑपरेशन रैम्बो' के तहत हुई इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने साफ लहजे में अपराधियों को चेतावनी दी है कि वे सुधर जाएं, वरना पुलिस उनसे 'स्पेशल ट्रीटमेंट' के जरिए निपटेगी।

डीसीपी राजदीप सिंह नकुम ने बताया कि यह ऑपरेशन पूरे शहर में चलाया गया था, जिसके तहत कुल 11 पुलिस स्टेशनों के क्षेत्रों से 72 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसमें लिंबायत थाना के 14 आरोपी, भेस्तान थाना के 13 आरोपी, सलाबतपुरा थाना के 11 आरोपियों के अलावा शहर के अन्य थानों से भी अलग-अलग आरोपियों को दबोचा गया है।

पकड़े गए सभी आरोपियों के पास से धारदार और घातक हथियार बरामद हुए हैं। पुलिस ने इनके पास से छरियां, रैम्बो छरियां और तलवारें जब्त की हैं। ये अपराधी इन हथियारों के साथ खुलेआम घूमते थे और आम जनता में दहशत पैदा करते थे। पकड़े गए सभी आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस इन पर लंबे समय से नजर रख रही थी।

इस ऑपरेशन में दो बड़ी गिरफ्तारियां हुई हैं। इनमें से एक आसिफ तलवार है जो कि एक शातिर तड़ीपार अपराधी है और कुख्यात 'गुजसी टॉक डबल मर्डर' मामले का मुख्य आरोपी है। वहीं, दूसरा अरबाज आलम खान पठान है। यह आरोपी डिंडोली इलाके में चाकूबाजी (स्टैबिंग) और मारपीट के एक मामले में लंबे समय से वांटेड चल रहा था।

इसके साथ ही पुलिस ने रील बनाने वाले 'सोशल मीडिया रॉकर्स' को सख्त चेतावनी दी कि जो अपराधी सरेआम छरी, रैम्बो छरी या तलवार लेकर घूमते हैं या सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाकर धौंस जमाते हैं, उन्हें हमारी सख्त चेतावनी है या तो सुधर जाएं, वरना पुलिस उन्हें पकड़कर ऐसा 'स्पेशल ट्रीटमेंट' देगी कि वे अपराध भूल जाएंगे।

--आईएएनएस

डीके/पीएम