नई दिल्ली, 29 मई (आईएएनएस)। ऑयल इंडिया लिमिटेड (ओआईएल) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। ओआईएल ने डिप्टी चीफ इंजीनियर सहित विभिन्न 10 पदों पर भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।
ओआईएल की ओर से जारी 10 रिक्तियों में उप मुख्य रसायनज्ञ (डिप्टी चीफ केमिस्ट), उप मुख्य भूविज्ञानी (डिप्टी चीफ जियोलॉजिस्ट), उप मुख्य अभियंता (डिप्टी चीफ इंजीनियर), उप मुख्य भूभौतिकीविद् (डिप्टी चीफ जियोफिजिसिस्ट) और अर्थशास्त्री (इकोनॉमिस्ट) के 1-1 पद और उप मुख्य अभियंता (डिप्टी चीफ इंजीनियर) के 5 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 28 मई की दोपहर 2 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 28 जून तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे ओआईएल के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास संबंधित पद अनुसार किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री, न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक, बीई/बीटेक न्यूनतम 65 प्रतिशत अंकों के साथ या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में कम से कम 9 वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।
आवेदकों की अधिकतम आयु पद और वर्ग अनुसार 37 से 49 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन निर्धारित पात्रता मानदंडों के आधार पर ऑनलाइन आवेदनों की जांच, शॉर्टलिस्टिंग, पर्सनल इंटरव्यू, शारीरिक फिटनेस और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 90,000 से 2,40,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम