नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर का मानना है कि पिछले साल वनडे विश्व कप में जीत के बाद भारतीय टीम का नजरिया बदला है। भारतीय टीम टी20 विश्व कप 2026 को जीतने की तैयारी कर रही है।
हरमनप्रीत कौर ने जियोस्टार पर कहा, "मुझे लगता है कि पहला वनडे विश्व कप जीतने के बाद जिंदगी पूरी तरह बदल गई है। उम्मीद है, हम ट्रॉफी जीतने का यह सिलसिला जारी रखेंगे। एक कप्तान के तौर पर मैं यही चाहती हूं, और मुझे लगता है कि हमारी टीम में हर कोई इसी का सपना देख रहा है। हम इस दिशा में आगे बढ़ते रहेंगे।"
मौजूदा भारतीय टीम में हरमनप्रीत कौर सर्वाधिक अनुभवी हैं। पिछले एक दशक में भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विकास यात्रा में उनका अहम योगदान रहा है। कई आईसीसी इवेंट्स में खेलने और कई कैंपेन को निराशा में खत्म होते देखने के बाद, हरमनप्रीत अब एक ऐसी टीम को लीड कर रही हैं जिसमें यह आत्मविश्वास है कि वे सबसे बड़े स्टेज पर चैंपियन सकते हैं।
भारतीय टीम का आत्मविश्वास उनकी तैयारियों में दिख रहा है। टीम ने हाल ही में कार्डिफ में वेस्टइंडीज पर जीत के साथ अपना वार्म-अप कैंपेन शुरू किया। मैच के दौरान भारतीय टीम की कई खिलाड़ियों का प्रदर्शन शानदार रहा।
भारतीय टीम में हरमनप्रीत, स्मृति मंधाना और दीप्ति शर्मा जैसे अनुभवी खिलाड़ियों के साथ उभरती हुई प्रतिभाएं भी हैं, जिन्होंने हाल में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है। मैनेजमेंट को उम्मीद होगी कि यह संतुलन पिछले साल के वर्ल्ड कप की सफलता से मिली लय को बनाए रखने में मदद कर सकता है।
महिला टी20 विश्व कप के इतिहास में भारतीय टीम का सबसे बेहतरीन प्रदर्शन 2020 में आया था। भारतीय टीम फाइनल में पहुंची थी, लेकिन खिताबी मुकाबले में टीम को ऑस्ट्रेलिया से हार का सामना करना पड़ा था।
--आईएएनएस
पीएके