नई दिल्ली, 18 जून (आईएएनएस)। इंटेलिजेंट कम्युनिकेशन सिस्टम्स इंडिया लिमिटेड (आईसीएसआईएल) ने दिल्ली के ताहिरपुर स्थित राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (आरजीएसएसएच) में कॉन्ट्रैक्ट/आउटसोर्स आधार पर नर्सिंग ऑफिसर के कुल 65 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आईसीएसआईएल-आरजीएसएसएच की ओर से नर्सिंग ऑफिसर पोस्ट के लिए जारी 65 रिक्तियों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 20 जून के शाम 6 बजे से शुरू हो जाएगी और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 23 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवारों पर पदों पर भर्ती के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे आईसीएसआईएल के ऑफिशियल पोर्टल पर आवेदन लिंक सक्रिय होने के बाद से तय अंतिम तिथि के शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से बीएससी नर्सिंग या जनरल नर्सिंग मिडवाइफरी (डीएनएम) में सर्टिफिकेट के बराबर योग्यता और कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास क्वालिफिकेशन के बाद नर्सिंग ऑफिसर के तौर पर 5 वर्ष का अनुभव जरूरी है।
वहीं, 200 से ज्यादा बेड वाले सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल में आईसीयू/ऑपरेशन थिएटर/कैथ लैब में काम करने का अनुभव रखने वाले कैंडिडेट्स और नर्सिंग केयर के क्षेत्र में उच्च शिक्षा या क्वालिफिकेशन रखने वाले कैंडिडेट्स को प्राथमिकता दी जाएगी। अभ्यर्थी ध्यान दें कि जॉइनिंग के समय दिल्ली नर्सिंग काउंसिल में रजिस्ट्रेशन जरूरी है।
आवेदकों की अधिकतम आयु 35 वर्ष तय की गई है। योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट्स वेरिफिकेशन, आदि चरणों के आधार पर की जाएगी, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 70,942 रुपए प्रतिमाह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय सभी वर्ग के उम्मीदवारों को निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो 590 रुपए तय किया गया है। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि सफलतापूर्वक रजिस्ट्रेशन फीस के भुगतान के बाद ही आपके आवेदन पत्र को स्वीकार किया जाएगा।
--आईएएनएस
डीके/वीसी