एनटीपीसी लिमिटेड में सीनियर एग्जीक्यूटिव समेत कई पदों पर भर्ती शुरू, 26 जून अंतिम तिथि

एनटीपीसी लिमिटेड में सीनियर एग्जीक्यूटिव समेत कई पदों पर भर्ती शुरू, 26 जून अंतिम तिथि

नई दिल्ली, 12 जून (आईएएनएस)। नौकरी की तैयारी के साथ तलाश में जुटे लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। एनटीपीसी लिमिटेड ने निश्चित अवधि के आधार पर अनुभवी पेशेवरों के लिए सीनियर एग्जीक्यूटिव (मटीरियल और सप्लाई चेन मैनेजमेंट), सीनियर एग्जीक्यूटिव (ग्रीन केमिकल), एग्जीक्यूटिव (रेगुलेटरी अफेयर्स-न्यूक्लियर) और एग्जीक्यूटिव (इंजीनियरिंग-न्यूक्लियर) के 1-1 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके रिक्तियों की घोषणा की है।

एनटीपीसी लिमिटेड की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 11 जून से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 26 जून तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पोस्ट पर भर्ती के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एनटीपीसी लिमिटेड के ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से सिविल इंजीनियरिंग में डिग्री होनी चाहिए। वहीं, एमबीए की योग्यता वालों को अतिरिक्त लाभ दिया जाएगा। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पद अनुसार 15 से 22 वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु पद अनुसार 50 से 55 वर्ष के बीच तय की गई है। एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो सामान्य/ओबीसी/ईडब्ल्यूएस के लिए 500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी/एक्सएसएम श्रेणी और महिला उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की शॉर्टलिस्टिंग/स्क्रीनिंग, लिखित/कंप्यूटर-आधारित परीक्षा, व्यक्तिगत साक्षात्कार, आदि के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 1,50,000 से 1,90,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

बता दें कि एनटीपीसी लिमिटेड की ओर से जारी सभी पदों के लिए काम की अवधि 1 वर्ष होगी, जिसे संगठन की जरूरत और उम्मीदवार के परफॉर्मेंस के आधार पर 2 वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकता है।

--आईएएनएस

डीके/एबीएम