एनटीपीसी लिमिटेड भर्ती 2026: एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के 27 पदों पर आवेदन शुरू, 29 मई तक मौका

एनटीपीसी लिमिटेड भर्ती 2026: एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के 27 पदों पर आवेदन शुरू, 29 मई तक मौका

नई दिल्ली, 18 मई (आईएएनएस)। नौकरी की बेहतर तलाश में जुटे युवाओं के लिए एनटीपीसी लिमिटेड ने विशेष भर्ती अभियान (ओबीसी) के तहत सिविल इंजीनियरिंग में कार्यकारी प्रशिक्षुओं (एग्जीक्यूटिव ट्रेनी) -2025 के लिए गेट (जीएटीई ) 2025 के माध्यम से कुल 27 पदों पर वैकेंसी का एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।

एनटीपीसी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 15 मई से शुरू हो चुकी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 29 मई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार जारी पद पर नियुक्त होने की इच्छा रखते हैं, वे एनटीपीसी लिमिटेड की ऑफिशियल पोर्टल पर जाकर अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से कम से कम 65 प्रतिशत अंकों के साथ पूर्णकालिक ग्रेजुएशन की डिग्री (इंजीनियरिंग या प्रौद्योगिकी/सिविल में एएमआईई/निर्माण इंजीनियरिंग) होनी चाहिए। इसी के साथ उम्मीदवारों का गेट-2025 में उपस्थित होना भी अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन गेट-2025 स्कोर, शॉर्टलिस्टिंग, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल परीक्षण के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी ई-I ग्रेड के तहत 40,000 से 1,40,000 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनटीपीसी लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

--आईएएनएस

डीके/वीसी