एनआईएलईआरडी में जॉब का चांस: डिप्टी डायरेक्टर समेत 13 पदों पर आवेदन जारी, जल्द करें अप्लाई

एनआईएलईआरडी में जॉब का चांस: डिप्टी डायरेक्टर समेच 13 पदों पर आवेदन जारी, जल्द करें अप्लाई

नई दिल्ली, 14 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय श्रम अर्थशास्त्र अनुसंधान एवं विकास संस्थान (एनआईएलईआरडी) ने संविदा के आधार पर डिप्टी डायरेक्टर सहित विभिन्न 13 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीदवारों की नियुक्ति हेतु एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं। ये पद प्रारंभ में तीन वर्ष की अवधि के लिए होंगे, और प्रदर्शन तथा संस्थागत आवश्यकता के आधार पर इन्हें दो वर्ष के लिए और बढ़ाया जा सकता है।

एनआईएलईआरडी की ओर से जारी 13 पदों में ज्वाइंट डायरेक्टर (संयुक्त निदेशक) के 2, डिप्टी डायरेक्टर (उप निदेशक) के 3, और असिस्टेंट डायरेक्टर (सहायक निदेशक) के 8 पद शामिल है। इन पोस्ट के लिए ऑनलाइन (ईमेल) के माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 19 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 जून तय की गई है। ऐसे में जो उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।

एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों का पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से अर्थशास्त्र/विकास अध्ययन/सांख्यिकी/इंजीनियरिंग या प्रौद्योगिकी/व्यवसाय प्रबंधन/लोक नीति या सामाजिक विज्ञान के किसी अन्य क्षेत्र में मास्टर डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में पद अनुसार तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु पद अनुसार 26 से 35 वर्ष और अधिकतम आयु 35 से 56 वर्ष के बीच तय की गई है। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शैक्षणिक योग्यता, कौशल और अनुभव के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, इंटरव्यू/डॉक्यूमेंट वेरिफिरेशन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 47,600 से 2,08,700 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनआईएलईआरडी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। इसके बाद आवेदन पत्र और सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स को स्कैन कर एक ही पीडीएफ फाइल में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर मेल कर दें। लास्ट में आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी