नई दिल्ली, 5 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक सुनहरा मौका सामने आया है। एनआईए ने प्रतिनियुक्ति (आईएसटीसी) आधार पर वैज्ञानिक के अलग-अलग कुल 30 पदों को भरने के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
एनआईए ने वैज्ञानिक के जिन 30 पदों पर रिक्तियों की घोषणा की है, उनमें तकनीकी फोरेंसिक मनोवैज्ञानिक के 3, फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ के 1, विस्फोटक विशेषज्ञ के 2, साइबर फोरेंसिक परीक्षक के 18 और अपराध स्थल सहायक के 6 पद शामिल हैं।
इन पदों के लिए ऑनलाइन (ईमेल) और ऑफलाइन दोनों की माध्यमों से आवेदन प्रक्रिया 13 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि नोटिफिकेशन जारी होने की तिथि से 60 दिनों के भीतर यानी 13 जून तय की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा करने की सलाह दी जाती है।
अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से तकनीकी फोरेंसिक मनोवैज्ञानिक पद के लिए अपराध विज्ञान या नैदानिक मनोविज्ञान में मास्टर डिग्री; फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ के लिए विज्ञान विषय में एमएससी डिग्री या फोरेंसिक विज्ञान में एमएससी डिग्री या रसायन विज्ञान विषय के साथ बीएससी डिग्री; विस्फोटक विशेषज्ञ के लिए रसायन विज्ञान में मास्टर डिग्री या फोरेंसिक विज्ञान में एमएससी, जिसमें बीएससी स्तर पर रसायन विज्ञान एक विषय के रूप में शामिल हो होना चाहिए।
वहीं, साइबर फोरेंसिक परीक्षक पद के लिए कैंडिडेट्स के पास कंप्यूटर इंजीनियरिंग या कंप्यूटर टेक्नोलॉजी में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग या बैचलर ऑफ टेक्नोलॉजी या कंप्यूटर एप्लीकेशन/कंप्यूटर साइंस या इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में मास्टर्स डिग्री या कंप्यूटर साइंस या इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी होनी चाहिए और अपराध स्थल सहायक पद के लिए जैव प्रौद्योगिकी/विश्लेषणात्मक रसायन विज्ञान या भौतिकी में मास्टर डिग्री फोरेंसिक विज्ञान में होनी चाहिए। इसी के साथ सभी पोस्ट के लिए कैंडिडेट्स के पास प्रासंगिक क्षेत्र में तय वर्षों का अनुभव और अन्य निर्धारिक पात्रता व कौशल का होना भी अनिवार्य है।
उम्मीदवारों की अधिकतम आयु आयु 56 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन की अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, चयनित अभ्यर्थियों की सैलरी 56,100 से 1,77,500 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनआईए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए जारी आधिकारिक अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को आवेदन के साथ अटैच करें। इसके बाद सभी को स्कैन कर एक ही पीडीएफ फाइल में दिए गए आधिकारिक ईमेल आईडी पर मेल कर दें। इसी के साथ आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ एक लिफाफे में डालने के बाद उसे 'एसपी (प्रशासन), एनआईए मुख्यालय, सीजीओ कॉम्प्लेक्स के सामने, लोधी रोड, नई दिल्ली-110003' इस पते पर तय समय सीमा के अंदर डाक कर दें।
कैंडिडेट्स भर्ती और योग्यता से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए एनआईए की ओर से संबंधित पदों के लिए जारी विस्तृत नोटिफिकेशन को चेक कर सकते हैं।
--आईएएनएस
डीके/वीसी