एनएचएआई भर्ती अलर्ट: डिप्टी मैनेजर के 60 पदों पर आवेदन शुरू, 15 जून अंतिम तिथि

एनएचएआई भर्ती अलर्ट: डिप्टी मैनेजर के 60 पदों पर आवेदन शुरू, 15 जून अंतिम तिथि

नई दिल्ली, 16 मई (आईएएनएस)। सरकारी नौकरी करने की इच्छा रखने वालों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने डिप्टी मैनेजर (तकनीकी) के कुल 60 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन मांगे हैं। इन पदों में अनारक्षित वर्ग (यूआर) के 26, अनुसूचित जाति (एससी) के 9, अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 4, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) (गैर-क्रीमी स्तर - केवल केंद्रीय सूची) के 16, और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्लूएस) के 5 पद शामिल हैं।

इन पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया बीते शुक्रवार के सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 जून तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, वे एचएचएआई की आधिकारिक पोर्टल पर जाकर तय अंतिम तिथि के शाम 6 बजे तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय या संस्थान से सिविल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन की डिग्री और सिविल इंजीनियरिंग विषय में वैध गेट 2026 स्कोर का होना अनिवार्य है।

आवेदकों की अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना आवेदन के अंतिम तिथि के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन सीधे गेट स्कोर, शॉर्टलिस्टिंग, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 56,100 से 1,77,500 रुपए के बीच प्रति माह होगी।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार सबसे पहले एनएचएआई की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद, संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद, रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर, फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद, रजिस्ट्रेशन फॉर्म चेक कर सबमिट कर दें। लास्ट में, आवेदन पत्र की एक कॉपी का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

--आईएएनएस

डीके/एएस