न्यूजीलैंड ए पर किस्मत मेहरबान, इंडिया ए खराब रोशनी के कारण जीत से चूकी

न्यूजीलैंड ए पर किस्मत मेहरबान, इंडिया ए खराब रोशनी के कारण जीत से चूकी

लिंकन, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत ए और न्यूजीलैंड ए के बीच खेला गया पहला अनाधिकारिक टेस्ट खराब रोशनी की वजह से ड्रॉ के रूप में समाप्त हुआ। खराब रोशनी की वजह से जिस समय मैच रोका गया, उस समय टीम इंडिया को जीत के लिए सिर्फ 1 विकेट चाहिए था।

मैच की बात करें तो न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने निराशाजनक बल्लेबाजी की थी और महज 113 रन पर सिमट गई थी। भारत के लिए यश राठौड़ ने सर्वाधिक 44 रन बनाए थे, जबकि देवदत्त पड्डिकल 32 रन बनाकर दूसरे सबसे बड़े स्कोरर रहे थे।

न्यूजीलैंड ने कप्तान राइस मारिउ के 76 रन और डिन फॉक्सक्रॉफ्ट के 51 रन की मदद से पहली पारी में 317 रन बनाकर भारतीय टीम पर 204 रन की बढ़त बनाई थी।

टीम इंडिया ने दूसरी पारी में 516 रन का विशाल स्कोर बनाया। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए देवदत्त पड्डिकल ने 248 गेंदों पर 24 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 199 रन बनाए थे। पड्डिकल 1 रन से अपने दोहरे शतक से चूक गए। इसके अलावा, साई सुदर्शन भी शतक से चूक गए। सुदर्शन ने 184 गेंदों पर 12 चौकों की मदद से 91 रन बनाए। यश राठौड़ ने 66 और वाशिंगटन सुंदर ने 52 रन की पारी खेली।

न्यूजीलैंड ए को पहली पारी में मिली 204 रन की बढ़त की वजह से जीत के लिए 313 रन का लक्ष्य मिला था। कीवी टीम दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाजों के सामने बिखर गई।

दूसरी पारी में न्यूजीलैंड ने अपने 9 विकेट 187 रन पर गंवा दिए थे। मैच में करीब 1 घंटे का समय बाकी था। लेकिन मैच को खराब रोशनी की वजह से रोकना पड़ा और अंत में ड्रॉ के रूप में समाप्त हो गया। भारतीय टीम को खराब रोशनी का नुकसान हुआ। हाथ में आई जीत फिसल गई।

भारत के लिए चिंता की बात यह रही कि स्टार बल्लेबाजों यशस्वी जायसवाल और केएल राहुल की सलामी जोड़ी दोनों ही पारियों में फ्लॉप रही। जायसवाल ने पहली पारी में 17 और दूसरी पारी में 5 रन बनाए, जबकि राहुल ने पहली पारी में 0 और दूसरी पारी में 4 रन बनाए। राहुल और जायसवाल को ही भारतीय सीनियर टीम के लिए भी न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज में पारी की शुरुआत करनी है।

--आईएएनएस

पीएके