न्यूजीलैंड की जगह पीएसएल को प्राथमिकता देंगे ल्यूक रोंची और जैकब ओरम

न्यूजीलैंड की जगह पीएसएल को प्राथमिकता देंगे ल्यूक रोंची और जैकब ओरम

नई दिल्ली, 13 मार्च (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड पुरुष क्रिकेट टीम के सहायक कोच ल्यूक रोंची और जैकब ओरम मार्च में दक्षिण अफ्रीका और बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज के शेड्यूल से पीएसएल 2026 का शेड्यूल टकराने के बावजूद पीएसएल में कोचिंग करते हुए नजर आएंगे।

ल्यूक रोंची न्यूजीलैंड टीम के बल्लेबाजी कोच हैं, जबकि जैकब ओरम टीम गेंदबाजी कोच हैं। दोनों पीएसएल में इस्लामाबाद यूनाइटेड के साथ कोच के तौर पर जुड़े हुए हैं। इस्लामाबाद यूनाइटेड के लिए खेल चुके ल्यूक रोंची टीम के हेड कोच हैं, जबकि रोंची सहायक कोच हैं।

न्यूजीलैंड के परफॉर्मेंस मैनेजर माइक सैंडल ने कहा, "ल्यूक और ओरम के पास अपने कोचिंग अनुभव को आगे बढ़ाने और न्यूजीलैंड क्रिकेट के माहौल के बाहर अपनी स्किल को बेहतर बनाने का एक शानदार मौका है। हमारे खिलाड़ियों की तरह, हमारे कोच की भी दुनिया भर में डिमांड है। हमें लगता है कि ल्यूक और जेक को पीएसएल में अपने समय से न सिर्फ निजी फायदा होगा, बल्कि भविष्य में वह न्यूजीलैंड क्रिकेट को और बेहतर तरीके से मदद कर पाएंगे।"

रोंची और ओरम की गैरमौजूदगी में, वेलिंगटन के कोच जॉनी बैसेट-ग्राहम और न्यूजीलैंड क्रिकेट नेटवर्क कोच ग्रीम एल्ड्रिज दक्षिण अफ्रीका सीरीज के दौरान हेड कोच रॉब वाल्टर की मदद करेंगे। कैंटरबरी के ब्रेंडन डोनकर्स बांग्लादेश दौरे की जिम्मेदारी संभालेंगे।

सैंडल ने कहा, "जॉनी, ग्रीम और ब्रेंडन का ब्लैक कैप्स में शामिल होना बहुत अच्छा होगा। मुझे यकीन है कि उन्हें माहौल में अपना बहुत समय बिताने और हमारे खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के साथ काम करने का अनुभव मिलेगा। हमें उम्मीद है कि यहां के अनुभव का फायदा उन्हें घरेलू क्रिकेट की कोचिंग में होगा।"

न्यूजीलैंड को 15 से 25 मार्च तक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच टी20 मैचों की सीरीज खेलनी है। इसके बाद 3 वनडे और इतने ही मैचों की टी20 सीरीज के लिए बांग्लादेश का दौरा करना है। पीएसएल 2026 की शुरुआत 26 मार्च से हो रही है।

--आईएएनएस

पीएके