एनसीआर में पूरे सप्ताह सुहावना मौसम, 23 मार्च को बारिश के आसार; एक्यूआई ग्रीन जोन में

एनसीआर में पूरे सप्ताह सुहावना मौसम, 23 मार्च को बारिश के आसार; एक्यूआई ग्रीन जोन में

नोएडा, 21 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (दिल्ली-एनसीआर) में इन दिनों मौसम बेहद सुहावना बना हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और तापमान सामान्य से नीचे रहने के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। खास बात यह है कि 23 मार्च को एक बार फिर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 20 मार्च को अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि 21 मार्च को तापमान बढ़कर 27/14 डिग्री रहा। 22 मार्च को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम 16 डिग्री रहने का अनुमान है। इसके बाद, 23 मार्च को तापमान 31/17 डिग्री के आसपास रहेगा और दिनभर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। 24 और 25 मार्च को भी तापमान क्रमशः 31/17 और 32/17 डिग्री रहने का अनुमान है, जहां आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे।

पूरे सप्ताह “नो वार्निंग” की स्थिति है, यानी किसी भी तरह की गंभीर मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। वहीं, वायु गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार देखा गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और स्थानीय एजेंसियों के आंकड़ों के अनुसार एनसीआर के कई इलाकों का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) ग्रीन और येलो जोन में पहुंच गया है।

दिल्ली के अलीपुर में एक्यूआई 67, आनंद विहार में 125, अशोक विहार में 82 और चांदनी चौक में 119 दर्ज किया गया। वहीं कैंटोनमेंट एरिया में एक्यूआई 137 और बवाना में 99 रहा। नोएडा में भी हवा की गुणवत्ता बेहतर बनी हुई है। नोएडा के सेक्टर-125 में एक्यूआई 94, सेक्टर-62 में 81, सेक्टर-1 में 86 और सेक्टर-116 में 96 दर्ज किया गया। इसी तरह गाजियाबाद के इंदिरापुरम में एक्यूआई 114, लोनी में 141, संजय नगर में 73 और वसुंधरा में 113 रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण बादलों की आवाजाही बनी हुई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और हवा भी साफ हुई है। फिलहाल आने वाले कुछ दिनों तक इसी तरह का मौसम बना रहने की संभावना है, जिससे लोगों को प्रदूषण और गर्मी दोनों से राहत मिलती रहेगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएस