नासा ने आर्टेमिस II मिशन से जारी की पृथ्वी की खूबसूरत तस्वीरें, ‘ब्लू मार्बल’ पर दिखी ऑरोरा लाइट्स

नासा ने आर्टेमिस II मिशन से जारी की पृथ्वी की खूबसूरत तस्वीरें, ‘ब्लू मार्बल’ पर दिखी ऑरोरा लाइट्स

नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। अमेरिकी स्पेस एजेंसी नासा ने अपने ऐतिहासिक आर्टेमिस II मून मिशन के दौरान अंतरिक्ष यात्रियों द्वारा ली गई पृथ्वी की पहली शानदार तस्वीरें जारी की हैं। इन तस्वीरों में 'ब्लू मार्बल' यानी हमारी पृथ्वी बेहद खूबसूरत दिखाई दे रही है।

नासा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इन तस्वीरों को पोस्ट करते हुए लिखा, “पिछले 54 सालों में हमने बहुत लंबा सफर तय किया है, लेकिन एक चीज नहीं बदली और वो है अंतरिक्ष से हमारा 'घर' यानी पृथ्वी जो बेहद खूबसूरत दिखता है।”

नासा ने दो तुलनात्मक तस्वीरें साझा की हैं। इनमें बाईं ओर की तस्वीर 1972 में 'अपोलो-17' मिशन के चालक दल द्वारा ली गई थी, जबकि दाईं ओर की तस्वीर 'आर्टेमिस-II' के अंतरिक्ष यात्रियों ने कल ही कैमरे में कैद की है। ये तस्वीरें स्पेसक्राफ्ट के अंदर से ली गई पहली इमेज हैं। आर्टेमिस II मिशन के कमांडर और नासा के अनुभवी एस्ट्रोनॉट रीड वाइजमैन ने ट्रांसलूनर इंजेक्शन बर्न पूरा करने के बाद ओरियन अंतरिक्ष यान की खिड़की से ये तस्वीरें लीं। एक तस्वीर में पृथ्वी सूर्य को ढकती नजर आ रही है, जिससे उत्तर और दक्षिण दिशा में दो 'ऑरोरा' (ध्रुवीय ज्योति) की चमक दिखाई दे रही है। इसके साथ ही, दाईं ओर नीचे की तरफ 'जोडिएकल लाइट' भी स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है।

दूसरी तस्वीर में पृथ्वी घने बादलों से घिरी हुई दिख रही है। जैसे-जैसे स्पेस क्राफ्ट आगे बढ़ रहा है, पृथ्वी धीरे-धीरे दूर होती हुई प्रतीत हो रही है। इस समय क्रू पृथ्वी से लगभग 90,000 मील (लगभग 1.45 लाख किलोमीटर) दूर है और चंद्रमा की ओर बढ़ रहा है।

आर्टेमिस II मिशन में चार एस्ट्रोनॉट्स शामिल हैं, इनमें तीन अमेरिकी (रीड वाइजमैन, विक्टर ग्लोवर और क्रिस्टीना कोच) व एक कनाडाई (जेरेमी हैनसन) शामिल हैं। यह मिशन 1972 के बाद पहला ऐसा मिशन है जिसमें मानव चंद्रमा के चारों ओर चक्कर लगाने जा रहे हैं, लेकिन चंद्रमा की सतह पर नहीं उतरेंगे। क्रू ओरियन कैप्सूल में बैठकर चंद्रमा के फार साइड से गुजरेंगे और फिर पृथ्वी पर वापस लौट आएंगे।

--आईएएनएस

एमटी/एएस