मुंबई, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। इस खबर के बाद से पूरे महाराष्ट्र और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। इस बीच मुंबई में उनके पड़ोसियों ने उनसे जुड़ी यादें साझा कीं।
एक पड़ोसी राजेंद्र ने आईएएनएस से बात करते हुए बताया, "बहुत समय से हम लोग उनको जानते हैं। पहले यहां कोई कार्यक्रम होता था या गरबा होता था तो वो भी शामिल होते थे। छोटे-छोटे बच्चों के साथ उन्होंने यहां क्रिकेट भी खेला है।"
उन्होंने बताया, "हम लोगों का ज्यादा आना-जाना सिर्फ गणपति के टाइम होता था। उनके घर में गणपति आता था, फंक्शन होता था, उस समय हम लोग जाते थे। पूरे एरिया के लोग वहां दर्शन करने के लिए जाते थे।"
पड़ोसी ने उनके स्वभाव के बारे में बात करते हुए कहा कि उनका स्वभाव बहुत अच्छा था। वे दानी स्वभाव के व्यक्ति थे और साथ ही अनुशासन को बहुत महत्व देते थे। उन्हें गलत काम बिल्कुल पसंद नहीं था।
उन्होंने कहा कि यह हमारे लिए दुख की बात है। उन्होंने श्रीमुक्त सदन का जिक्र करते हुए कहा कि इन दो बिल्डिंग के बीच उनका आना-जाना ज्यादा रहता था।
एक अन्य पड़ोसी ने कहा कि वे वहां लगभग 40 सालों से रह रही हैं और तब से ही उनके परिवार को जानती हैं। उनका कहना है कि नाना पाटेकर बहुत अच्छे पड़ोसी थे और उनका लोगों से रिश्ता परिवार जैसा था। वे एक अच्छे इंसान थे। कभी-कभी नाना भाई को गुस्सा आ जाता था, लेकिन बाद में वे उससे कहीं ज्यादा प्यार भी दिखाते थे।
उन्होंने कहा कि नाना भाई हमेशा पूछते रहते थे कि घर पर सब कैसे हैं? गणपति के समय वो अपने घर खाने पर भी बुलाते थे। उनका बेटा भी जब छोटा था तो हमारे घर खेलने आता था। वो बहुत अच्छे इंसान थे।
--आईएएनएस
पीआईएम/एबीएम