नाहिद राणा का ऑस्ट्रेलिया दौरे से बाहर होना दुर्भाग्यपूर्ण: हबीबुल बशर

नाहिद राणा का ऑस्ट्रेलिया दौरे से बाहर होना दुर्भाग्यपूर्ण: हबीबुल बशर

नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। बांग्लादेश क्रिकेट के मुख्य चयनकर्ता हबीबुल बशर ने तेज गेंदबाज नाहिद राणा की चोट को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि टीम प्रबंधन ने उनके वर्कलोड को लेकर पूरी सावधानी बरती थी। इसके बावजूद उन्हें साइड स्ट्रेन की समस्या हो गई। इस वजह से वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली दो टेस्ट मैचों की सीरीज से बाहर हो गए।

बशर ने कहा कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड तेज गेंदबाजों के वर्कलोड की निगरानी आधुनिक जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम से करता है। इसी आधार पर तय किया जाता है कि कौन-सा गेंदबाज कितने मैच या किस सीरीज में खेलेगा। जून में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज के दौरान भी नाहिद को सभी मुकाबलों में नहीं खिलाया गया था ताकि वह ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए पूरी तरह फिट रहें।

23 वर्षीय नाहिद राणा इस साल शानदार फॉर्म में रहे हैं। उन्होंने सभी प्रारूपों में 44 विकेट हासिल किए हैं, जिनमें चार बार पांच विकेट लेने का कारनामा भी शामिल है। उनकी तेज गति और अतिरिक्त उछाल उन्हें बांग्लादेश के अन्य तेज गेंदबाजों से अलग बनाती है। जून में ढाका में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज में उन्होंने अपनी गेंदबाजी से कंगारू बल्लेबाजों को काफी परेशान किया था।

इसके बाद उन्हें जिम्बाब्वे के खिलाफ एकमात्र टेस्ट से आराम दिया गया ताकि उनका वर्कलोड नियंत्रित रहे। हालांकि, उन्होंने बाद की वनडे सीरीज खेली और 21 रन देकर 6 विकेट लिए और बांग्लादेश के किसी तेज गेंदबाज का सर्वश्रेष्ठ वनडे प्रदर्शन किया। दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान उन्हें साइड स्ट्रेन हो गया और उनका दौरा बीच में ही समाप्त हो गया।

बशर ने कहा कि यदि टीम चाहती तो उन्हें व्हाइट-बॉल क्रिकेट से भी बाहर रख सकती थी, लेकिन आगामी वनडे विश्व कप की तैयारियों के मद्देनजर उनका खेलना जरूरी था। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी तेज गेंदबाज को पूरी तरह आराम देकर लंबे समय तक मैचों से दूर नहीं रखा जा सकता, क्योंकि मैच फिटनेस बनाए रखने के लिए नियमित गेंदबाजी भी आवश्यक होती है।

उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि जिम्बाब्वे के खिलाफ व्हाइट-बॉल सीरीज में राणा को खिलाने के लिए किसी तरह का बाहरी दबाव था। बशर के अनुसार, जिम्बाब्वे के खिलाफ टेस्ट हार का कारण गेंदबाजी नहीं बल्कि बेहद खराब बल्लेबाजी थी।

ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए अब तस्कीन अहमद, हसन महमूद, खालिद अहमद और एबादोट हुसैन पर जिम्मेदारी होगी। बशर ने भरोसा जताया कि यदि तस्कीन पूरी तरह फिट रहते हैं तो वह टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।

चयन समिति ने टेस्ट टीम में सौम्य सरकार की भी वापसी कराई है। उन्होंने आखिरी टेस्ट 2021 में खेला था और हाल के वर्षों में मुख्य रूप से सीमित ओवरों का क्रिकेट खेलते रहे हैं। बशर ने कहा कि घरेलू क्रिकेट में फिलहाल ऐसा कोई नया ओपनर तैयार नहीं है जिसे सीधे ऑस्ट्रेलिया जैसे चुनौतीपूर्ण दौरे पर भेजा जा सके। सौम्य के पास तेज गेंदबाजी खेलने का अनुभव है और यही कारण है कि चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया।

--आईएएनएस

पीएके