नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। हिंदी सिनेमा में शादी और बच्चों के बाद बड़े अभिनेताओं के साथ काम कर पाना मुश्किल होता है, और जब बात 80 के दशक की हो तो यह काम और मुश्किल हो जाता है।
सिनेमा में हमेशा महिलाओं के लिए नियम तय किए गए, लेकिन शादीशुदा अभिनेता हमेशा बड़े स्टार रहे, लेकिन उस रूढ़िवादी नियम को तोड़ते ही मुनमुन सेन ने हिंदी सिनेमा को नया आयाम दिया। अभिनेत्री की गिनती 80 के दशक की 'बोल्ड बाला' में होती है, जिन्होंने न सिर्फ सिनेमा, बल्कि बंगाल की संस्कृति को भी चुनौती दी थी।
28 मार्च को जन्मी मुनमुन सेन का फिल्मों में आने का कोई इरादा नहीं था। अभिनेत्री की मां, सुचित्रा सेन, भी नहीं चाहती थी कि उनकी बेटी फिल्मों में जाए। हालांकि, राजघराने में ब्याहने और दो बच्चों की मां बनने के बाद मुनमुन ने फिल्मों में आने का फैसला लिया। वह खुद की पहचान बनाना चाहती थी, और यही कारण था कि पति के सहयोग के साथ उन्होंने फिल्मों का रुख किया।
हिंदी सिनेमा में जहां बड़ी अभिनेत्रियों के लिए भी पैर जमाना मुश्किल होता है, उन्होंने पहली ही फिल्म 'अंदर बाहर' में अपने छोटे से किरदार से सुर्खियां बटोर ली थी। उनका किरदार एक आधुनिक महिला का था, जो उन्हें पहचान दिलाने के लिए काफी रहा, जिसके बाद उन्होंने माधुरी दीक्षित के साथ '100 डेज,' 'जख्मी दिल,' तेलुगु फिल्म 'सिरिवेनेला,' 'अमर कंटक,' और 'शीशा' जैसी फिल्मों में काम किया। मुनमुन को इंडस्ट्री में हमेशा उनकी बोल्ड फिल्म च्वाइस के लिए जाना गया। फिल्मों में उनके किरदार विवादित भी रहे।
सिनेमा में जहां सुचित्रा सेन की छवि एक बड़ी, बहुमुखी और गंभीर महिला की थी, वहीं मुनमुन बोल्ड और निडर एक्ट्रेस के तौर पर उभरीं। उनके बोल्ड किरदारों को लेकर बंगाल में विरोध भी होता रहा और बाकी की कसर उनके विवादित फोटोशूट ने पूरी कर दी। अभिनेत्री मैगजीन के लिए बेहद सेंसेशनल पोज देती थी, जिससे कई बार उनपर अश्लीलता फैलाने के आरोप भी लगे, लेकिन फिर भी वे 80-90 के दशक की सबसे लोकप्रिय अभिनेत्रियों में शुमार रहीं।
फिल्मी करियर की नहीं, अभिनेत्री की निजी जिंदगी भी लोगों के बीच हमेशा चर्चा का विषय बनी रही। अभिनेत्री का नाम पूर्व क्रिकेटर और पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान, प्रोड्यूसर रोमू सिप्पी, और विक्टर बनर्जी के साथ जोड़ा गया, जबकि अभिनेत्री उस वक्त शादीशुदा और दो बच्चियों की मां थी। मुनमुन ने बेबाकी से हमेशा अपने अफेयर की खबरों को नकारा और इमरान खान को अपना करीबी दोस्त बताया था।
--आईएएनएस
पीएस/एबीएम