गांधीनगर में प्रकृति प्रेम भागवत कथा-ज्ञान यज्ञ महोत्सव में शामिल हुए सीएम भूपेंद्र पटेल

गांधीनगर में प्रकृति प्रेम भागवत कथा-ज्ञान यज्ञ महोत्सव में शामिल हुए सीएम भूपेंद्र पटेल

गांधीनगर, 6 फरवरी (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल शुक्रवार को गांधीनगर में आयोजित देश की सर्वप्रथम प्रकृति प्रेम भागवत कथा-ज्ञान यज्ञ महोत्सव में शामिल हुए। यह प्रकृति प्रेम भागवत कथा उत्सव गांधीनगर में पर्यावरण जागरूकता के लिए सेवारत नेचर फर्स्ट फाउंडेशन और सभी प्रकृति प्रेमियों के सहयोग से आयोजित किया गया है।

यह प्रकृति प्रेम भागवत कथा-ज्ञान यज्ञ महोत्सव 1 फरवरी से 7 फरवरी तक आयोजित हो रहा है। कथा के छठे दिन मुख्यमंत्री पटेल ने कथा श्रवण कर व्यासपीठ की आरती भी उतारी। इस कथा के मुख्य वक्ता के रूप में सुप्रसिद्ध भागवत कथाकार पूज्य रमेशभाई ओझा व्यासपीठ से भागवत कथा का अमृतपान करा रहे हैं।

भावी पीढ़ी को प्राकृतिक आपदाओं के विरुद्ध सुरक्षित करने तथा जनमानस में पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करने के मुख्य उद्देश्य से शुरू हुई यह कथा बिना किसी मंडप या पंडाल के, पूरी तरह से प्रकृति के सान्निध्य में और घने छायादार पेड़ों के बीच सेक्टर-6 में आयोजित हो रही है।

ब्रह्मांड के पंचतत्व और जीव सृष्टि की माता यानी प्रकृति माता के संरक्षण और संवर्धन के उम्दा उद्देश्य के साथ राजधानी गांधीनगर में इस प्रकृति प्रेम कथा के जरिए एक अभिनव प्रयोग किया गया है।

इस अवसर पर नेचर फर्स्ट ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी और कथा के प्रायोजक नारणभाई पटेल तथा पूर्व मंत्री महेंद्र भाई त्रिवेदी, पद्मश्री जगदीशभाई त्रिवेदी, विधायक रीटाबेन पटेल, मनपा स्थायी समिति के अध्यक्ष गौरांगभाई व्यास, शहर भाजपा अध्यक्ष आशीषभाई दवे, पूर्व महापौर हितेशभाई मकवाणा सहित विशाल संख्या में भक्त उपस्थित रहे।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी