मिलिंद सोमन ने साउथ वर्सेज हिंदी सिनेमा का बताया फर्क, कहा- वहां की इंडस्ट्री टीमवर्क और स्पीड से प्रभावित

Milind soman

नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड के कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट का हिस्सा रहे एक्टर मिलिंद सोमन जल्द ही तमिल वेब सीरीज 'कात्तान' में नजर आएंगे। इस बीच उन्होंने साउथ वर्सेज हिंदी सिनेमा के फर्क पर बात की। उन्होंने हिंदी और साउथ फिल्म इंडस्ट्री में काम करने के अनुभव को साझा करते हुए कहा कि साउथ में काम करना ज्यादा आरामदेह, तेज और आसान लगता है।

मॉडल और अभिनेता ने आईएएनएस से खास बातचीत में दोनों इंडस्ट्रीज के माहौल में अंतर की बात की। मिलिंद सोमन ने बताया, "साउथ में लोग बहुत आराम से काम करते हैं। वहां बहुत कम चीजें ऐसी होती हैं, जिन्हें आपको बार-बार संभालना पड़े या मोलभाव करना पड़े। मैं खुद तो ऐसा नहीं करता, लेकिन आसपास के लोगों को देखकर यह महसूस होता है।"

खासकर तमिल सिनेमा के बारे में बात करते हुए मिलिंद ने टीमवर्क की तारीफ की। उन्होंने कहा कि साउथ के सेट पर काम बहुत तेजी और कुशलता से चलता है। चीजों को समय पर पूरा करवाना आसान होता है। कोई रुकावट आए भी तो टीम उसे जल्दी संभाल लेती है। शूटिंग कभी आसान नहीं होती, लेकिन साउथ में यह प्रक्रिया ज्यादा सुचारू लगती है। तमिल प्रोजेक्ट्स में पूरी यूनिट बहुत तालमेल से काम करती है। सब मिलकर आसानी से काम निपटाते हैं। यह चीज मुझे सबसे ज्यादा प्रभावित करती है।"

हालांकि, उन्होंने यह भी माना कि आउटडोर शूटिंग में चुनौतियां हर जगह एक जैसी होती हैं। अभिनेता ने बताया, "मौसम का बदलाव, बारिश या अन्य कारणों से शेड्यूल प्रभावित हो जाता है। यूनिट के लिए भी यह आसान नहीं होता। काम का तरीका हर प्रोडक्शन पर निर्भर करता है। हिंदी फिल्मों में भी मैंने काम किया है, लेकिन हर यूनिट अलग होती है। बहुत कुछ प्रोड्यूसर पर निर्भर करता है कि टीम कैसे काम करेगी।"

फिलहाल मिलिंद सोमन अपनी नई तमिल वेब सीरीज 'कात्तान' के लिए तैयार हैं। इस सीरीज में उनके साथ विजय सेतुपति भी मुख्य भूमिका में हैं। सीरीज में मिलिंद एक मजबूत और रहस्यमयी किरदार में नजर आएंगे।

यह वेब सीरीज 27 मार्च को जियोहॉटस्टार पर रिलीज होगा। शो को अंग्रेजी, हिंदी, मराठी समेत कुछ अन्य दक्षिण भारतीय भाषाओं में भी डब किया जाएगा।

--आईएएनएस

एमटी/एबीएम