मेरठ रैपिड मेट्रो में सफर कर लोगों ने सरकार को सराहा, बोले- थैंक्‍यू, पहले यात्रा में जाम से जूझते थे

मेरठ रैपिड मेट्रो में सफर कर लोगों ने सरकार को सराहा, बोले-थैंक्‍यू, पहले यात्रा में जाम से जूझते थे

मेरठ, 23 फरवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मेरठ रैपिड मेट्रो का उद्घाटन कर इसे जनता को समर्पित किया। उद्घाटन के साथ ही शहर में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

पहले दिन बड़ी संख्या में लोग परिवार के साथ मेट्रो में सफर करने पहुंचे। टिकट काउंटरों पर लंबी कतारें लगी रहीं और भारी भीड़ के कारण कई यात्रियों को टिकट मिलने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सफर करने वालों में खासा उत्साह नजर आया। स्टेशन परिसर से लेकर मेट्रो कोच के अंदर तक सेल्फी लेते भी दिखे। कई यात्रियों ने अपने पूरे सफर का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया। लोगों का कहना था कि यह दिन उनके लिए यादगार बन गया है।

यात्रियों ने बताया कि किराया थोड़ा अधिक जरूर है, लेकिन सुविधाएं और आराम उसी के अनुरूप हैं। शहरवासियों का मानना है कि मेरठ रैपिड मेट्रो से न केवल यात्रा सुगम और तेज होगी, बल्कि शहर के विकास को भी नई गति मिलेगी।

स्टेशन पर कार्ड बनवाने पहुंचे बुजुर्ग मनजीत सिंह ने कहा, “इसका लुक वर्ल्ड क्लास से भी बेहतर है। सरकार से ऐसी उम्मीद नहीं थी, लेकिन जैसा काम हुआ है, वह सराहनीय है। मैं सरकार को धन्यवाद देता हूं।”

मेरठ के गगोल क्षेत्र से अपने बेटे के साथ सफर करने पहुंचे रोहित ने कहा कि पहले वह स्कूटी से यात्रा करते थे, जिसमें जाम के कारण काफी समय लग जाता था। अब मेट्रो से सफर बहुत अच्छा है और समय की बचत हो रही है। अन्य यात्रियों ने भी मेट्रो यात्रा को आरामदायक और सुविधाजनक बताया।

यात्री साहिबे आलम ने बताया कि वह काम के सिलसिले में मोदीपुरम गए थे और उनका सफर बेहद सुखद रहा। उन्‍होंने कहा कि ऐसा लगा जैसे विदेश घूमने आए हों। अंदर की बनावट बहुत अच्छी है और साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखा गया है। मैं प्रधानमंत्री को धन्यवाद देना चाहता हूं।

एक अन्य यात्री, मानव शर्मा, ने बताया कि उन्होंने बेगमपुल से यात्रा की और स्टाफ का व्यवहार बेहद अच्छा लगा। उन्होंने कहा कि मेरठ को यह सुविधा मिलने से शहरवासियों को बड़ी राहत मिलेगी। कई यात्रियों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का भी आभार जताया और इसे प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

--आईएएनएस

एएसएच/एबीएम