मेकॉन में सीनियर मैनेजर सहित कई पदों पर भर्ती जारी, 30 अप्रैल तक करें आवेदन

मेकॉन में सीनियर मैनेजर सहित कई पदों पर भर्ती जारी, 30 अप्रैल तक करें आवेदन

नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। अधिकांश युवाओं का सपना होता है कि वे सरकारी नौकरी करके अपने करियर की शुरुआत करें। अगर आप भी उन्हीं में से एक हैं तो आपके लिए मेटलर्जिकल एंड इंजीनियरिंग कंसल्टेंट्स (इंडिया) लिमिटेड (मेकॉन) ने सीनियर मैनेजर सहित विभिन्न 4 पदों पर भर्ती के लिए वैकेंसी निकाली है।

मेकॉन लिमिटेड ने जिन 4 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी कर एप्लीकेशन मांगे हैं, उनमें मैनेजर (सिविल) (ई-3 ग्रेड) के 2 और सीनियर मैनेजर (सिविल) (ई-4 ग्रेड) के 2 पद शामिल हैं।

धातुकर्म एवं अभियांत्रिकी सलाहकार (मेकॉन) की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया 1 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।

आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार 4 वर्षीय पूर्णकालिक इंजीनियरिंग की डिग्री बीई (सिविल)/बीटेक (सिविल) में होनी चाहिए। वहीं, सरकारी इंजीनियरिंग संस्थानों से इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन की डिग्री/निर्माण प्रबंधन में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिग्री/डिप्लोमा/प्रमाणपत्र हासिल करने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और तय सालों का अनुभव होना भी अनिवार्य है।

उम्मीदवारों की अधिकतम आयु पद अनुसार 36 से 40 साल के बीच निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 10 मार्च के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।

योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, पर्सनल इंटरव्यू, मेडिकल परीक्षा और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद अनुसार 80,000 से 2,40,000 रुपए के बीच प्रति महीने होगी।

एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय कैंडिडेट्स को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो ओबीसी (एनसीएल)/ईडब्ल्यूएस श्रेणी के लिए 1,000 रुपए है। वहीं, अनुसूचित जाति/दिव्यांग/पूर्व सैनिक/आंतरिक उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।

ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले मेकॉन लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित के लिए दिए गए सक्रिय एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में एप्लीकेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी