मुंबई, 19 मई (आईएएनएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा ने अपने करियर में कई अलग-अलग तरह की फिल्में की हैं। इन दिनों वह अपनी आने वाली फिल्म 'सिस्टम' को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के प्रमोशन के दौरान उन्होंने आईएएनएस से अपने फिल्मी सफर, पुराने किरदारों और बदलती पसंद के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि समय के साथ न सिर्फ उनके काम करने का तरीका बदला, बल्कि अब वह अपने रोल्स को पहले से ज्यादा सोच-समझकर चुनती हैं।
आईएएनएस से बात करते हुए सोनाक्षी सिन्हा ने अपने शुरुआती दौर की फिल्मों को याद किया। उन्होंने कहा, "जब मैंने इंडस्ट्री में कदम रखा था, तब मैं ऐसी फिल्मों का हिस्सा थी जो कलरफुल, मनोरंजन से भरपूर और पूरी तरह मसाला अंदाज की होती थीं। 'आर. राजकुमार' और 'राउडी राठौर' जैसी फिल्मों में काम करके काफी मजा आया। उस समय मैं अपने करियर के ऐसे दौर में थी, जहां दर्शक मुझे उसी अंदाज में देखना पसंद करते थे।''
उन्होंने कहा, ''मैंने इन किरदारों को पूरी ईमानदारी और खुशी के साथ निभाया। लेकिन हर कलाकार के जीवन में अलग-अलग चरण आते हैं और हर दौर में दर्शकों की पसंद और इंडस्ट्री की मांग भी बदलती रहती है।''
अभिनेत्री ने आगे कहा, ''अब मैं अपने करियर के ऐसे मोड़ पर हूं, जहां मैं सिर्फ वही काम करना चाहती हूं, जो मुझे अंदर से संतुष्टि देता हो। अब मैं खुद को एक ऐसी अभिनेत्री के रूप में देखती हूं, जो हर तरह के किरदार निभा सके। मैं चाहती हूं कि लोग मुझे ऐसी कलाकार के रूप में देखें, जिसे किसी भी तरह की फिल्म में रखा जा सके। अब मैं सिर्फ वही काम कर रही हूं, जो मैं सच में करना चाहती हूं।''
सोनाक्षी ने अपने पुराने फिल्मी सफर को लेकर भी आभार जताया। उन्होंने कहा, "अगर मैंने शुरुआत में मसालेदार फिल्में नहीं की होतीं, तो शायद आज मुझे ऐसे अलग और गंभीर किरदार निभाने का मौका नहीं मिलता। मुझे फिल्मों ने दर्शकों का प्यार, पहचान और समर्थन दिलाया। लोगों के प्यार की वजह से ही आज मैं अपने मन के किरदार को चुन पा रही हूं और नई तरह की कहानियों का हिस्सा बन रही हूं।''
अपनी आने वाली फिल्म 'सिस्टम' के बारे में बात करते हुए सोनाक्षी सिन्हा ने बताया कि यह फिल्म उनके लिए काफी खास है। यह एक कोर्टरूम ड्रामा फिल्म है, जिसमें वह पहली बार वकील की भूमिका निभा रही हैं।
फिल्म में अभिनेत्री एक स्टेनोग्राफर के किरदार में नजर आएंगी। 'सिस्टम' फिल्म 22 मई को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी।
--आईएएनएस
पीके/एबीएम