'मैंने मेहदी से अभी तक सुलह नहीं की है,' रन आउट विवाद के बाद सलमान आगा का बयान

'मैंने मेहदी से अभी तक सुलह नहीं की है,' रन आउट विवाद के बाद सलमान आगा का बयान

ढाका, 14 मार्च (आईएएनएस)। बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच शुक्रवार को ढाका के शेर-ए-बांग्ला स्टेडियम में वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला खेला गया। यह मैच सलमान अली आगा के रन-आउट के तरीके को लेकर चर्चा में है। आगा को जिस तरह आउट किया गया उसे खेल की भावना के खिलाफ माना जा रहा है। मैच के बाद आगा ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

सलमान आगा ने मीडिया से बातचीत में कहा, "मुझे लगता है कि खेल भावना होनी चाहिए। वह मेहदी को गेंद वापस देने की कोशिश कर रहे थे। ऐसी स्थिति में इसे डेड करार दिया जा सकता था।"

उन्होंने कहा, "गेंद मेरे पैड पर और फिर मेरे बैट पर लगी। इसलिए मुझे लगा कि वह अब मुझे रन-आउट नहीं कर सकते, क्योंकि बॉल पहले ही मेरे पैड और मेरे बैट पर लग चुकी थी। मैं बस उन्हें गेंद वापस देने की कोशिश कर रहा था। मैं रन नहीं ढूंढ रहा था, लेकिन उसने पहले ही रन-आउट करने का फैसला कर लिया।"

आगा ने कहा, "बांग्लादेश ने जो किया है वह कानून के अंदर है। मुझे लगता है कि अगर उन्हें लगता है कि यह सही है, तो यह सही है, लेकिन मेरे नजरिए से, मैं इसे अलग तरह से करता। मैं खेल भावना के लिए जाता। हमने पहले ऐसा कुछ नहीं किया है, और भविष्य में भी ऐसा कभी नहीं करेंगे।"

आगा रन आउट होने के बाद काफी गुस्से में नजर आए थे और उन्होंने बांग्लादेशी खिलाड़ियों के कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया था। इस पर उन्होंने कहा, "उस पल मैंने गुस्से में रिएक्शन दिया था। उस समय ने मुझे कुछ नजरिया दिया है। कुछ चीजों को अलग तरह से हैंडल करना चाहिए।"

बांग्लादेशी विकेटकीपर लिटन दास के साथ हुई बहस पर आगा ने कहा, "मुझे याद नहीं कि मैं क्या कह रहा था और वह क्या कह रहा था। मुझे यकीन है कि मैं अच्छी बातें नहीं कह रहा था, और वह भी अच्छी बातें नहीं कह रहा था। लेकिन यह बस उस पल की गर्मी थी, इसलिए हम ठीक हैं। मैंने मेहदी से अभी तक सुलह नहीं की है, लेकिन चिंता मत करो, मैं उसे ढूंढ लूंगा।"

घटना पाकिस्तान की पारी के 39वें ओवर की चौथी गेंद पर घटी। मेहदी हसन मिराज की गेंद को मोहम्मद रिजवान ने गेंदबाज की दिशा में खेला। गेंद पकड़ने की कोशिश में मिराज नॉन स्ट्राइक वाली क्रीज से बाहर खड़े सलमान अली आगा से लड़ गए। गेंद रुक गई थी इसलिए आगा ने सिंगल लेने का इरादा छोड़ दिया और गेंद खुद उठाकर मिराज को देने लगे। इतने में मिराज ने गेंद लेकर विकेट पर दे मारा। आगा क्रीज के बाहर थे और अपील के बाद उन्हें तीसरे अंपायर ने रन आउट करार दिया। आगा गेंद गेंदबाज को देने की कोशिश कर रहे थे और उन्हें रन आउट दे दिया गया। इसलिए फैसले को खेल भावना के विपरीत माना जा रहा है।

बांग्लादेश के कप्तान मेहदी हसन मिराज ने इस घटना पर कहा, "मेरा इरादा केवल गेंद को रोकने और संभावित रन को बचाने का था। वह क्रीज से बाहर थे और मैं सिर्फ गेंद की तरफ जा रहा था। अगर मैं गेंद को मिस कर देता तो वह आसानी से रन ले सकते थे, इसलिए मैंने स्टंप्स पर थ्रो करने का फैसला किया।"

मैच की बात करें तो टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने माज सदाकत (75), आगा (64), और रिजवान (44) की मदद से 274 रन बनाए थे। बारिश की वजह से बांग्लादेश को डीएलएस नियम के तहत 32 ओवर में 243 का लक्ष्य दिया गया था। बांग्लादेश 114 रन पर सिमट गई और 128 रन के बड़े अंतर से मैच हार गई।

--आईएएनएस

पीएके