'मैं आपकी कई योजनाओं को कॉपी करता हूं, खुशी है इस पर कॉपीराइट नहीं', राष्ट्रपति प्रबोवो ने की पीएम मोदी की तारीफ

 Prabowo Subianto On PM Modi Schemes

जकार्ता, 7 जुलाई (आईएएनएस)। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सम्मान में आयोजित राजकीय भोज के दौरान भारत की विकास यात्रा और मोदी सरकार की नीतियों की जमकर सराहना की। उनके बयान की समारोह में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर स्वीकृति दी।

राष्ट्रपति प्रबोवो ने कहा, "मैंने आपके राजनीतिक सफर को फॉलो किया है और आपकी कई योजनाओं की नकल भी करता हूं। अगर वही योजनाएं करोड़ों लोगों के लिए सफल रही हैं, जिनकी चुनौतियां हमारी तरह हैं, तो उन्हें अपनाने में कोई हिचक नहीं होनी चाहिए।"

उन्होंने कहा कि भारत और इंडोनेशिया दोनों ही बड़ी आबादी, कृषि-आधारित अर्थव्यवस्था और प्राकृतिक आपदाओं जैसी समान चुनौतियों का सामना करते हैं, लेकिन इसके बावजूद भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है।

आगे थोड़ा मुस्कुराकर अपने अंदाज में बोले, "मुझे खुशी है कि आपकी योजनाओं पर कोई कॉपीराइट नहीं है। इसलिए मैं आपकी कई योजनाओं की कॉपी करता हूं। (मुस्कुराकर) हम जो अच्छा है, उसे अपनाने में बिल्कुल संकोच नहीं करते।" इस टिप्पणी पर पीएम मोदी संग वहां मौजूद अतिथि खिलखिलाकर हंस पड़े और हॉल तालियों से गूंज उठा।

प्रबोवो ने बताया कि हाल ही में इंडोनेशिया का एक प्रतिनिधिमंडल भारत में दो से तीन सप्ताह के अध्ययन दौरे पर आया था। इस दौरान उसने शुष्क भूमि को फिर से उपजाऊ बनाने की भारतीय तकनीकों, विशेष रूप से परमाकल्चर के मॉडल का अध्ययन किया।

उन्होंने कहा, "हम इन तरीकों का गंभीरता से अध्ययन कर रहे हैं। हमें भारत से बहुत कुछ सीखना है और सीखने में हमें कोई संकोच नहीं है।"

पीएम मोदी इंडो पैसिफिक मिशन के तहत सोमवार को तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर इंडोनेशिया पहुंचे। राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने उनका एयरपोर्ट पर गर्मजोशी से स्वागत किया तो दूसरे दिन यानी मंगलवार को कई द्विपक्षीय समझौतों पर सहमति बनी। पीएम मोदी को सर्वोच्च इंडोनेशियाई सम्मान 'बिंतांग आदिपूर्णा ऑफ द रिपब्लिक ऑफ इंडोनेशिया' से भी नवाजा गया।

--आईएएनएस

केआर/