'मध्य और निचले क्रम के बल्लेबाजों के लिए प्लेटफॉर्म तैयार करना चाहता हूं': श्रेयस अय्यर

'मध्य और निचले क्रम के बल्लेबाजों के लिए प्लेटफॉर्म तैयार करना चाहता हूं': श्रेयस अय्यर

नई दिल्ली, 4 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय टी20 क्रिकेट टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा है कि वह पहले से तय बल्लेबाजी मानकों में बंधकर नहीं रहना चाहते। उन्होंने कहा कि उनका अप्रोच मैच के हालात के हिसाब से तय होगा, क्योंकि टीम अगले टी20 विश्व कप की तैयारी शुरू कर रही है।

वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 टी20 मैचों की सीरीज से पहले जियोस्टार पर अय्यर ने कहा, "मैं अपनी स्वाभाविक आक्रामकता का इस्तेमाल करना चाहता हूं, साथ ही यह भी पक्का करना चाहता हूं कि मेरी पारी मध्यक्रम और निचले क्रम को आगे बढ़ने का प्लेटफॉर्म दे सके।"

उन्होंने कहा, "मुझे स्थिति के हिसाब से खेलना पसंद है। अगर मैं पावरप्ले में बल्लेबाजी करने जा रहा हूं, तो मैं पावरप्ले में फील्ड की पाबंदियों का फायदा उठाना चाहता हूं। मैं ऐसा इंसान हूं, जो मुश्किल समय में गेंदबाजों के खिलाफ खेलना पसंद करता है, क्योंकि तभी अटैकिंग गेम शुरू होता है। यह मेरी मानसिकता है, जो तब से रही है, जब से मैंने रणजी ट्रॉफी में मुंबई के लिए खेलना शुरू किया था। एक बार जब मैं मैदान में उतर जाता हूं, तो मैं यह देखता हूं कि मेरे बाद आने वाले बल्लेबाज के लिए एक प्लेटफॉर्म तैयार करूं। अगर मैं पारी जारी रखता हूं, तो मुझे पता है कि मैं गेंदबाज को बाएं, दाएं और सेंटर से हिट कर सकता हूं।"

अय्यर ने कहा, "मैं फील्ड देखकर यह समझता हूं कि वे मेरे खिलाफ किस तरह की रणनीति बना रहे हैं। कभी-कभी गेंदबाजों को आप पर हावी होना पसंद होता है। वे शुरुआत में आक्रामक हो जाते हैं, खासकर वनडे फॉर्मेट में। उन्हें विकेट चाहिए होते हैं। अगर मैं कप्तान या उपकप्तान के तौर पर फील्डिंग कर रहा होता, तो भी मुझे विकेट चाहिए होते। मुझे मोमेंटम को अपनी तरफ करना और यह देखना पसंद है कि मैं गेंद को खेल रहा हूं, मैं फील्ड पर खेल रहा हूं, मैं अपने आस-पास की हर चीज को नियंत्रित कर रहा हूं।"

अय्यर टी20 टीम के कप्तान और वनडे टीम के उपकप्तान होने के साथ ही भारतीय टीम के मध्यक्रम के बेहद अहम और मजबूत बल्लेबाज हैं। उनकी फॉर्म टीम इंडिया के लिए हमेशा अहम होती है। वनडे विश्व कप 2023 और चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अय्यर ने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी से भारतीय मध्यक्रम को मजबूती दी थी।

अय्यर 14 टेस्ट में 1 शतक और 5 अर्धशतक की मदद से 811 रन, 82 वनडे में 5 शतक और 24 अर्धशतक की मदद से 3,136 रन और 67 टी20 में 10 अर्धशतक की बदौलत 1,513 रन बना चुके हैं।

--आईएएनएस

पीएके