'अब बेहतर विजन वाले नेताओं की जरूरत', खेसारी लाल यादव ने सोनम वांगचुक से लेकर प्रशांत किशोर तक पर रखी राय

'अब बेहतर विजन वाले नेताओं की जरूरत', खेसारी लाल यादव ने सोनम वांगचुक से लेकर प्रशांत किशोर तक पर रखी राय

पटना, 19 जुलाई (आईएएनएस)। भोजपुरी अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव इन दिनों अपने बयानों को लेकर चर्चा में हैं। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने लद्दाख के एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक के मामले, बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव और जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी समेत कई मुद्दों पर अपनी राय रखी।

सोनम वांगचुक को लेकर चल रहे मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए खेसारी लाल यादव ने कहा कि इसे किसी एक व्यक्ति की लड़ाई के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि यह लड़ाई सिर्फ सोनम वांगचुक की नहीं है। यह देश के हर उस गार्जियन की लड़ाई है, जो दिन-रात मेहनत करके अपने बच्चों और देश के भविष्य को बेहतर बनाने में जुटे हैं। इस संघर्ष में देश के हर नागरिक को आगे आकर उनका साथ देना चाहिए।"

उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा, रोजगार और देश के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सभी लोगों को अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। हर अभिभावक अपने बच्चों के लिए सपने देखता है और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करता है। इसलिए ऐसे मुद्दों पर पूरे समाज को गंभीरता से विचार करना चाहिए।

बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में प्रशांत किशोर की उम्मीदवारी पर उन्होंने कहा, "किसी व्यक्ति का समर्थन करने से ज्यादा जरूरी है कि जनता यह देखे कि उम्मीदवार कितना बेहतर है और उसके पास विकास को लेकर क्या सोच है। प्रशांत किशोर मुझे हमेशा से पसंद रहे हैं, क्योंकि उनके पास बिहार के विकास का एक स्पष्ट विजन है। विधानसभा में हमें ऐसे ही लोगों की जरूरत है, जो रोजगार और बच्चों की शिक्षा के लिए लड़ सकें। एक नेता घर के गार्जियन की तरह होता है। अगर गार्जियन सही नहीं होगा, तो बच्चों का भविष्य कैसे सुधरेगा?"

उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा, "आपने अब तक कई लोगों को मौका दिया है, तो इस बार प्रशांत किशोर जैसे पढ़े-लिखे इंसान को भी मौका देकर देखिए। शायद परिणाम बेहतर हों। नेता को बदलने से पहले हमें खुद को बदलना होगा। यह फैसला अगले पांच साल और हमारे बच्चों के भविष्य का है।"

खेसारी लाल यादव ने कहा, "मैं एक कलाकार के तौर पर नेता तो बन सकता हूं, लेकिन मेरे पास विकास का कोई मैप नहीं है, क्योंकि मैं उतना पढ़ा-लिखा नहीं हूं। मुझे विकास को समझने के लिए किसी और की मदद लेनी पड़ेगी। इसके उलट, प्रशांत किशोर पूरी दुनिया देख चुके हैं और बेहद शिक्षित हैं। मुझे नेता बनने का कोई शौक नहीं है। अगर हम पढ़े-लिखे लोगों को सदन में भेजेंगे, तो वे हर मंच पर हमारे बच्चों के हक की आवाज उठाएंगे।"

राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव के खराब स्वास्थ्य पर पूछे गए सवाल के जवाब में खेसारी लाल यादव ने कहा, "लालू यादव की सेहत को लेकर मेरी हमेशा से भगवान से यही प्रार्थना रही है कि वह जल्द स्वस्थ हों। मैं चाहता हूं कि जब तक हम जिएं, हमें ऐसे पिता समान नेता का आशीर्वाद मिलता रहे। उन्होंने बिहार की जनता को बड़ा जनाधार दिया है, लोगों को बेहद प्यार किया है और यही वजह है कि आज भी पूरा बिहार उन्हें उतना ही प्यार करता है।"

--आईएएनएस

पीके/एएस