खेल मंत्रालय ने पैरा एशियन गेम्स 2026 के लिए कुल 166 एथलीटों को दी मंजूरी, 10 खेलों में चुनौती पेश करेगा भारत

खेल मंत्रालय ने पैरा एशियन गेम्स 2026 के लिए कुल 166 एथलीटों को दी मंजूरी, 10 खेलों में चुनौती पेश करेगा भारत

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। पैरा एशियन गेम्स 2026 में एक हफ्ते से भी कम समय बचा है। खेल मंत्रालय ने इन खेलों के लिए 275 सदस्यों वाले भारतीय दल की भागीदारी को मंजूरी दे दी है। ये गेम्स 18 से 24 अक्टूबर तक जापान के आइची-नागोया में होंगे, जिसमें 45 देश 18 खेलों के 492 मेडल इवेंट्स में हिस्सा लेंगे।

भारत 10 खेलों में 166 एथलीट (111 पुरुष और 55 महिला) उतारेगा, साथ ही 94 टीम अधिकारी/सपोर्ट स्टाफ और 15 दल के स्टाफ भी शामिल होंगे। पिछली बार 309 एथलीटों का दल भेजा गया था, लेकिन इस बार सीमित कोटा होने के कारण संख्या में काफी कमी आई है।

भारत ने पिछले पैरा एशियन गेम्स में 123 एथलीट (एथलेटिक्स) भेजे थे, लेकिन इस बार ओलंपिक काउंसिल ऑफ एशिया (ओसीए) ने शुरू में केवल 60 कोटा आवंटित किए थे। भारतीय दल ने हांग्जो में हुए पैरा एशियन गेम्स में 111 मेडल जीते थे, जिनमें 29 गोल्ड, 31 सिल्वर और 51 ब्रॉन्ज मेडल शामिल थे।

पैरालंपिक मेडल विजेता प्रमोद भगत (बैडमिंटन) और भाविना पटेल (टेबल टेनिस) को उद्घाटन समारोह के लिए ध्वजवाहक नामित किया गया है। भारतीय दल में पैरा एथलेटिक्स की सबसे बड़ी हिस्सेदारी है, जिसमें 62 एथलीट शामिल हैं। इसके बाद पैरा बैडमिंटन में 28 और पैरा स्विमिंग में 16 एथलीट हैं।

खेल मंत्रालय ने 1 अक्टूबर और 10 अक्टूबर को जारी सूचनाओं में आठ खेलों के एथलीटों और अधिकारियों के नाम शामिल किए थे। अपनी नवीनतम सूचना में, मंत्रालय ने दो अतिरिक्त खेलों - पैरा बैडमिंटन और पैरा टेबल टेनिस - में भाग लेने के लिए मंजूर किए गए खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के नामों का विवरण शामिल किया है।

हालांकि, मंत्रालय ने यह भी कहा है कि सरकार के खर्च पर भाग लेने वाले खिलाड़ियों/कोचों/अधिकारियों की वास्तविक संख्या बताई गई संख्या से कम हो सकती है, अगर वे किसी कारण से भाग नहीं लेते हैं। इसमें यह भी कहा गया है कि 'बोच्चिया' में हिस्सा लेने वाले एथलीटों और टीम अधिकारियों/सपोर्ट स्टाफ के लिए मंजूरी, उनकी पात्रता के आधार पर अलग से जारी की जाएगी।

पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया (पीसीआई) गुरुवार को एक विदाई समारोह में भारतीय दल को औपचारिक रूप से रवाना करेगी। इस समारोह में केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मंडाविया मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे, जबकि युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे सम्मानित अतिथि होंगी।

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी