सरकार किसान भाइयों-बहनों के हितों को हमेशा प्राथमिकता देती है : पीएम मोदी

कैबिनेट के बड़े फैसले : किसान सब्सिडी, अरुणाचल हाइड्रो और जयपुर मेट्रो को मंजूरी

नई दिल्ली, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। इन फैसलों में किसानों के हित, स्वच्छ ऊर्जा विकास और शहरी इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इन फैसलों की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार किसान भाई-बहनों के हित को हमेशा प्राथमिकता देती है।

उन्होंने एक पोस्ट में लिखा, "वैश्विक चुनौतियों के बीच भी किसान भाई-बहनों का हित सदैव हमारी सरकार की प्राथमिकता रही है। इसी दिशा में वर्ष 2026 के खरीफ सीजन के लिए न्यूट्रिएंट बेस्ड सब्सिडी (एनबीएस) की बढ़ोतरी को मंजूरी दी गई है। इससे अन्नदाताओं को पहले की तरह किफायती दरों पर उर्वरक मिलते रहेंगे।"

इस फैसले से फॉस्फेटिक और पोटाशिक उर्वरकों पर सब्सिडी बढ़ेगी, जिससे खरीफ फसल के लिए डीएपी और अन्य उर्वरक सस्ते दामों पर उपलब्ध होंगे।

कैबिनेट ने अरुणाचल प्रदेश में दो बड़े जलविद्युत परियोजनाओं को भी मंजूरी दी। इनमें कमला हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट (1,720 मेगावाट) और कलाई-II जलविद्युत परियोजना (1,200 मेगावाट) शामिल हैं।

पीएम मोदी ने लिखा, "कमला हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट को कैबिनेट की मंजूरी मिलने के साथ हम भारत के स्वच्छ ऊर्जा इकोसिस्टम को मजबूत कर रहे हैं और अरुणाचल प्रदेश में एकीकृत विकास को आगे बढ़ा रहे हैं।"

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में बताया, "पूर्वोत्तर में स्वच्छ ऊर्जा और विकास को बड़ा बढ़ावा। अरुणाचल प्रदेश में कलाई-II जलविद्युत परियोजना की मंजूरी से बिजली आपूर्ति मजबूत होगी, सतत ऊर्जा का उत्पादन होगा और क्षेत्र में बुनियादी ढांचा व अवसर बढ़ेंगे।"

इन परियोजनाओं से हजारों मेगावाट स्वच्छ बिजली का उत्पादन होगा, जिससे राष्ट्रीय ग्रिड मजबूत होगा और क्षेत्रीय विकास को गति मिलेगी।

एक अन्य महत्वपूर्ण फैसले में जयपुर मेट्रो के दूसरे चरण (फेज-2) को मंजूरी दी गई। पीएम मोदी ने लिखा, "जयपुर एक बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर अपग्रेड के लिए तैयार है। जयपुर मेट्रो फेज-2 को कैबिनेट की मंजूरी मिली है। इससे कनेक्टिविटी बढ़ेगी, भीड़भाड़ कम होगी, और जीवन की सुगमता में सुधार आएगा।"

केंद्रीय कैबिनेट के ये फैसले वैश्विक चुनौतियों के बीच भारत को आत्मनिर्भर और सतत विकास की राह पर ले जाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं। किसानों को सस्ते उर्वरक उपलब्ध कराने से खाद्य सुरक्षा मजबूत होगी, जबकि हाइड्रो प्रोजेक्ट्स से नवीकरणीय ऊर्जा लक्ष्यों को बढ़ावा मिलेगा। जयपुर मेट्रो के विस्तार से राजस्थान की राजधानी में यातायात व्यवस्था बेहतर होगी।

कैबिनेट के इन फैसलों से देश के विभिन्न क्षेत्रों में विकास की नई गति आने की उम्मीद है। सरकार का फोकस किसान कल्याण, स्वच्छ ऊर्जा और बेहतर शहरी सुविधाओं पर केंद्रित है।

--आईएएनएस

एससीएच/एबीएम