टोक्यो, 10 जून (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए-भाजपा सरकार के 11 साल पूरे होने पर जापान में रहने वाले भारतीय समुदायों ने खुशी जताई है। उन्होंने केंद्र सरकार के कामों की प्रशंसा की और सरकार के 11 साल पूरे होने को गौरवशाली क्षण बताया।
जापान में रहने वाले भारतीयों का मानना है कि नरेंद्र मोदी के कार्यकाल ने न केवल भारतीय अर्थव्यवस्था को बदल दिया है, बल्कि भारत की वैश्विक स्थिति को भी महत्वपूर्ण रूप से बेहतर बनाया है।
जापान में रह रहे एक भारतीय प्रवासी ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि सरकार के 11 साल पूरे होने पर काफी अच्छा लग रहा है। भारत को एक स्थिर सरकार मिली है, पिछले तीन टर्म से पीएम मोदी केंद्र सरकार को चला रहे हैं। मैं मानता हूं कि ऐसी सरकारें पॉलिसी मेकिंग के लिए काफी अच्छी मानी जाती हैं और पीएम मोदी की वजह से अब दुनियाभर के अंदर भारतीयों को पहचाना जा रहा है।
2001 से जापान में रह रहे एक अन्य प्रवासी ने कहा कि उस दौरान कुछ लोग पूछते थे कि क्या हम अभी भी भारत में ट्रेन से यात्रा करते हैं। आज, वे हमारी जीडीपी वृद्धि और वैश्विक मामलों पर भारत के प्रभाव के बारे में पूछते हैं। हम संदेह की कहानी से वैश्विक मान्यता की कहानी तक पहुंच गए हैं।
इसके अलावा, एक अन्य प्रवासी भारतीय ने जापान को पछाड़कर भारत को दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने को गौरवपूर्ण क्षण बताया। टोक्यो में आईटी क्षेत्र में काम करने वाले एक भारतीय ने कहा, "यह केवल आर्थिक डेटा नहीं है, बल्कि यह इस बात का सबूत है कि 2014 में जो नींव रखी गई थी, अब उसका परिणाम दिखाई दे रहा है। हम दुनिया के प्रमुख मानव संसाधन आपूर्तिकर्ता बन गए हैं, खासकर तकनीक और कुशल श्रम के क्षेत्र में।"
कई लोगों ने पीएम मोदी की कूटनीति और रणनीति की तारीफ की। उन्होंने कहा कि पहले यहां काम करना मुश्किल था, लेकिन अब भारत की वैश्विक आर्थिक नीतियों और पीएम मोदी के अंतरराष्ट्रीय सहयोग के लिए जोर देने से दरवाजे खुल गए हैं।
प्रवासी भारतीयों ने पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत की मुखर विदेश नीति की भी प्रशंसा की। उन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' का जिक्र करते हुए कहा कि इस कार्रवाई ने एक मजबूत संदेश दिया है कि भारत अब आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेगा।
--आईएएनएस
एफएम/जीकेटी