केन करुणास की फिल्म ‘यूथ’ के लिए जी.वी. प्रकाश ने नहीं ली फीस, धनुष बोले- आपने दोस्ती को काम से साबित किया

केन करुणास की फिल्म ‘यूथ’ के लिए जी.वी. प्रकाश ने नहीं ली फीस, धनुष बोले- आपने दोस्ती को काम से साबित किया

नई दिल्ली, 15 मार्च (आईएएनएस)। संगीतकार जी.वी. प्रकाश ने एक्टर-डायरेक्टर केन करुणास की पहली निर्देशित फिल्म ‘यूथ’ के लिए मुफ्त में संगीत देने की पेशकश की थी, जिसे लेकर धनुष ने उनकी खूब तारीफ की। ऑडियो लॉन्च इवेंट में धनुष ने कहा कि आपका दिल बड़ा है, जो आपने यह फैसला लिया।

धनुष ने इवेंट में जी.वी. प्रकाश की तारीफ करते हुए कहा, "पैसा तो सबके पास होता है, लेकिन उसे दूसरों को देने का दिल सबके पास नहीं होता। दोस्ती को सिर्फ शब्दों तक सीमित नहीं रखकर काम से साबित करना एक अलग बात है। आपने केन की फिल्म के लिए बिना फीस लिए म्यूजिक दिया, यह एक बड़े दिल की निशानी है। मैं आपकी तारीफ करता हूं। यह कदम शानदार है।"

उन्होंने आगे कहा, “आप इस फिल्म की पहचान हो। ठीक वैसे ही जैसे ‘थुल्लुवधो इलमई’ की पहचान युवान शंकर राजा थे, वैसे ही ‘यूथ’ की पहचान आप हो। केन की तरफ से आपको धन्यवाद।”

केन करुणास ने भी बताया कि जब उन्हें किसी बड़े म्यूजिक डायरेक्टर पर भरोसा नहीं मिल रहा था, तब जी.वी. प्रकाश ने स्क्रिप्ट सुनी और बिना फीस लिए संगीत देने का वादा किया। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा। केन ने कहा, “जी.वी. प्रकाश अन्ना ने मेरे विजन पर भरोसा किया और बिना फीस लिए म्यूजिक दिया। यह मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।”

केन करुणास ‘यूथ’ में न सिर्फ हीरो हैं, बल्कि डायरेक्टर भी हैं। फिल्म स्कूल की पृष्ठभूमि पर आधारित है और युवाओं की भावनाओं, दोस्ती और चुनौतियों को दिखाती है। फिल्म में केन करुणास के अलावा अनीस्मा अनिल कुमार, मीनाक्षी दिनेश, प्रियांशी यादव, सूरज वेंजारामूडु और देवदर्शिनी जैसे एक्टर्स अहम भूमिकाओं में हैं।

वहीं, टेक्निकल टीम में सिनेमैटोग्राफी विकी ने की है, एडिटिंग नैश ने संभाली है, आर्ट डायरेक्शन रामू थंगराज का और कॉस्ट्यूम डिजाइन धनुष की एक्सक्लूसिव डिजाइनर काव्या श्रीराम ने किया है।

‘यूथ’ को पर्वता एंटरटेनमेंट और स्ट्रीट बॉय स्टूडियो के बैनर तले करुपैया सी. राम, काली राजकुमार और सुलोचना कुमार ने प्रोड्यूस किया है।

--आईएएनएस

एमटी/एबीएम