बेंगलुरु, 17 अप्रैल (आईएएनएस)। कर्नाटक हाईकोर्ट ने सिविल जज के कुल 90 पदों पर भर्ती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। सिविल जज के जिन 90 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे गए हैं, उनमें 15 नए और 75 लंबितपद शामिल हैं। वर्ग के अनुसार सामान्य योग्यता के 18, अनुसूचित जाति के 3, अनुसूचित जनजाति के 2, श्रेणी - I के 18, श्रेणी - II(ए) के 24, श्रेणी - II(बी) के 11, श्रेणी - III(ए) के 9 और श्रेणी - III(बी) के 5 पद शामिल हैं।
हाईकोर्ट की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 16 अप्रैल से शुरू हो चुकी है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 मई निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक या उससे पहले अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से विधि में डिग्री के साथ अधिवक्ता/लोक अभियोजक/सहायक लोक अभियोजक/सरकारी वकील के रूप में 3 वर्ष का अनुभव होना अनिवार्य है।
उम्मीवारों की अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 29 जनवरी के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य लिखित परीक्षा, मौखिक परीक्षा, कंप्यूटर टेस्ट और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 77,840 से 1,36,520 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो सामान्य योग्यता/श्रेणी II(ए)/II(बी)/III(ए)/III(बी) के लिए प्रारंभिक परीक्षा के लिए 1,000 रुपए और मुख्य लिखित परीक्षा के लिए 1,500 रुपए तय किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/श्रेणी-I/पीडब्ल्यूबीडी से आने वाले कैंडिडेट्स के लिए प्रारंभिक परीक्षा के लिए 500 रुपए और मुख्य लिखित परीक्षा के लिए 7,500 रुपए तय किया गया है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले कर्नाटक हाईकोर्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पद के लिए दिए गए सक्रिय आवेदन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में आवेदन प्रत्र का प्रिंट आउट भविष्य के संदर्भ के लिए सुरक्षित निकालकर रख लें।
कैंडिडेट्स भर्ती से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए संबंधित पद के लिए कर्नाटक हाईकोर्ट की ओर से जारी नोटिफिकेशन को चेक कर सकते हैं।
--आईएएनएस
डीके/वीसी